PM मोदी का कर्नाटक दौरा
PM Modi Bangalore Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 अगस्त को कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे. वहां बेंगलुरु के बुनियादी ढांचे और परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने वाली कई प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इस दौरे का मुख्य आकर्षण बेंगलुरु मेट्रो की येलो लाइन का उद्घाटन और तीन नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाना है. इसके अलावा, वह बेंगलुरु मेट्रो के चरण-3 की आधारशिला भी रखेंगे, जो शहर की बढ़ती आबादी और यातायात की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
बेंगलुरु मेट्रो येलो लाइन का उद्घाटन
प्रधानमंत्री (PM Modi) बेंगलुरु मेट्रो चरण-2 परियोजना के तहत आरवी रोड (रागीगुड्डा) से बोम्मासंद्रा तक येलो लाइन का उद्घाटन करेंगे. इस लाइन की लंबाई 19 किलोमीटर से अधिक है और इसमें 16 स्टेशन हैं. इस पर लगभग 7,160 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इस येलो लाइन के खुलने से, बेंगलुरु में मेट्रो का परिचालन नेटवर्क 96 किलोमीटर से अधिक हो जाएगा और इस क्षेत्र की बड़ी जनसंख्या को सेवा प्रदान करेगा.
बैंगलोर मेट्रो चरण-3 की आधारशिला
प्रधानमंत्री 15,610 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की बैंगलोर मेट्रो चरण-3 परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे. इस परियोजना की कुल लंबाई 44 किलोमीटर से अधिक होगी और इसमें 31 एलिवेटेड स्टेशन होंगे. यह बुनियादी ढांचा परियोजना शहर की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करेगी और आवासीय, औद्योगिक, वाणिज्यिक तथा शैक्षणिक क्षेत्रों की ज़रूरतों को पूरा करेगी.
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने अपने आवास पर मनाया रक्षा बंधन का त्योहार, स्कूली छात्राओं से बंधवाई राखी, सामने आईं तस्वीरें
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी
प्रधानमंत्री बेंगलुरु से तीन वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ियों को भी हरी झंडी दिखाएंगे. इनमें बेंगलुरु से बेलगावी, अमृतसर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा और नागपुर (अजनी) से पुणे तक की ट्रेनें शामिल हैं. ये हाई-स्पीड ट्रेनें क्षेत्रीय संपर्क को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाएंगी, यात्रा के समय को कम करेंगी और यात्रियों को विश्वस्तरीय यात्रा का अनुभव प्रदान करेंगी.
ये भी पढ़ें: ‘काकोरी कांड’ के सौ साल, पीएम मोदी और सीएम योगी ने क्रांतिकारियों को किया याद
कार्यक्रम का विवरण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) सुबह लगभग 11 बजे बेंगलुरु के केएसआर रेलवे स्टेशन पर तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे. इसके बाद, वह बैंगलोर मेट्रो की येलो लाइन को हरी झंडी दिखाएंगे और आरवी रोड (रागीगुड्डा) से इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो की सवारी करेंगे. दोपहर लगभग 1 बजे, प्रधानमंत्री बेंगलुरु में शहरी संपर्क परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे और एक सार्वजनिक समारोह को भी संबोधित करेंगे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



