Bharat Express DD Free Dish

मंत्रियों के लिए पीएम मोदी का चार दिवसीय चिंतन शिविर, चार अहम मुद्दों पर होगा मंथन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मंत्रियों के लिए 23, 24, 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को चार दिवसीय चिंतन शिविर होगा. स्व-विकास, जनविश्वास, विभागीय सफलता और प्रभावी संवाद पर चर्चा होगी.

PM Modi Chintan Shivir

पीएम मोदी के नेतृत्व में मंत्रियों के लिए चार दिवसीय चिंतन शिविर होगा

Edited by Sahil Singh

PM Modi Chintan Shivir: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार के सभी मंत्रियों के लिए चार दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित किया है. यह विशेष मंथन 23, 24, 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को सेवा तीर्थ में होगा. शिविर का मकसद सिर्फ सरकार के कामकाज की समीक्षा करना नहीं, बल्कि मंत्रियों को नेतृत्व, जनसंपर्क और विभागीय कामकाज को और बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने के लिए नई दिशा देना भी है.

इस शिविर में कुल 67 मंत्रियों को चार अलग-अलग समूहों में बांटा गया है. प्रत्येक समूह की जिम्मेदारी तीन-तीन केंद्रीय मंत्रियों को दी गई है. चारों दिनों के लिए अलग-अलग विषय तय किए गए हैं, ताकि सरकार के कामकाज के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हो सके.

पहले दिन का फोकस ‘व्यक्तित्व विकास से स्व-विकास’ पर रहेगा. दूसरे दिन ‘जनविश्वास से जनाधार’ विषय पर चर्चा होगी. 30 सितंबर को मंत्रियों के सामने ‘विभागीय सफलता’ का मुद्दा रखा जाएगा, जबकि अंतिम दिन यानी 1 अक्टूबर को ‘प्रभावी संवाद’ पर मंथन होगा.

जनता तक काम पहुंचाने पर जोर

इस बार चिंतन शिविर में इस बात पर खास ध्यान दिया जाएगा कि सरकार की योजनाओं और कामों से हुए सकारात्मक बदलावों को आम लोगों तक बेहतर तरीके से कैसे पहुंचाया जाए. साथ ही, जनता के भरोसे को मजबूत बनाए रखने और उसे व्यापक जनसमर्थन में बदलने के तरीकों पर भी चर्चा होगी.

प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले 2015 में भी मंत्रियों के साथ चिंतन शिविर कर चुके हैं. उस समय शासन में तेजी, पारदर्शिता और बेहतर प्रशासन पर जोर दिया गया था. नए मंत्रियों को सरकार चलाने और प्रशासनिक कामकाज की बारीकियां समझाने पर भी चर्चा हुई थी.

इस बार मंत्रियों के व्यक्तिगत विकास को भी चर्चा का हिस्सा बनाया गया है. शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक स्तर पर व्यक्तित्व को बेहतर बनाने के साथ विभागीय प्रदर्शन सुधारने के सुझाव दिए जाएंगे.

28 सितंबर को राज्य मंत्रियों की समीक्षा

चिंतन शिविर के बीच 28 सितंबर को प्रधानमंत्री राज्य मंत्रियों के दूसरे समूह के साथ बैठक करेंगे. इसमें मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा के साथ अर्थव्यवस्था को लेकर उनके सुझाव भी लिए जाएंगे. आगे की प्राथमिकताओं को लेकर उन्हें दिशा-निर्देश दिए जाने की भी संभावना है.


ये भी पढ़ें: 8 साल में 60 करोड़+ लोगों तक पहुंची आयुष्मान भारत योजना, पीएम मोदी ने गिनाईं उपलब्धियां


इससे पहले 7 सितंबर को मोदी 20 राज्य मंत्रियों के एक समूह के साथ समीक्षा बैठक कर चुके हैं. सूत्रों के मुताबिक, सभी मंत्रियों और विभागों के रिपोर्ट कार्ड पर पहले से काम चल रहा है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read