Bharat Express DD Free Dish

PM मोदी अपने गृह राज्य गुजरात में कल करेंगे 34,200 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 सितंबर को गुजरात दौरे पर भावनगर में ‘समुद्र से समृद्धि’ कार्यक्रम में शामिल होंगे. वे 34,200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे, जिसमें समुद्री अवसंरचना, सोलर प्रोजेक्ट, हाईवे, अस्पताल और नेशनल मरीटाइम हेरिटेज कॉम्प्लेक्स शामिल हैं.

PM Modi Gujarat Visit

PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 सितंबर को अपने गृह राज्य गुजरात का दौरा करेंगे. इस दौरान वे भावनगर में आयोजित होने वाले ‘समुद्र से समृद्धि’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और करीब 34,200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. सुबह 10:30 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में पीएम मोदी जनसभा को भी संबोधित करेंगे.

प्रधानमंत्री के दौरे का सबसे अहम फोकस समुद्री और बंदरगाह क्षेत्र पर रहने वाला है. पीएम मोदी करीब 7,870 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इसमें मुंबई अंतरराष्ट्रीय क्रूज़ टर्मिनल का उद्घाटन, कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट पर नए कंटेनर टर्मिनल की नींव, पारादीप पोर्ट पर कंटेनर बर्थ और कार्गो हैंडलिंग सुविधाओं का विकास, कांडला के दीनदयाल पोर्ट पर ग्रीन बायो-मेथनॉल प्लांट और मल्टी-पर्पस कार्गो बर्थ शामिल हैं.

इसके अलावा, चेन्नई पोर्ट और कार निकोबार में तटीय सुरक्षा कार्य, एन्नोर के कामराजर पोर्ट पर आधुनिक सड़क कनेक्टिविटी और अग्निशमन सुविधाओं का विकास, साथ ही पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत सुविधाएं भी इस पैकेज का हिस्सा होंगी.

कल गुजरात को देंगे बड़ी सौगात

गुजरात में पीएम मोदी करीब 26,354 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे. इसमें (HPLNG) रीगैसिफिकेशन टर्मिनल भारत में गुजरात के छारा बंदरगाह पर स्थित
पोर्ट, IOCL रिफाइनरी में ऐक्रेलिक्स और ऑक्सो अल्कोहल प्रोजेक्ट, 600 मेगावॉट ग्रीन शू इनिशिएटिव, किसानों के लिए पीएम-कुसुम योजना के तहत 475 मेगावॉट का सोलर फीडर, 45 मेगावॉट बडेली सोलर प्रोजेक्ट और धोरडो गांव का पूरा सोलराइजेशन शामिल है.

इसके साथ ही, प्रधानमंत्री भावनगर के सायर टी. जनरल अस्पताल और जामनगर के गुरु गोविंद सिंह सरकारी अस्पताल के विस्तार कार्यों की नींव रखेंगे. राज्य के हाईवे नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 70 किलोमीटर लंबाई वाले राष्ट्रीय राजमार्ग का फोर-लेनिंग भी किया जाएगा.

राज्य के हाइवे नेटवर्क को मिलेगा बूस्ट

भावनगर कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी धोलेरा स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन (DSIR) का हवाई सर्वेक्षण करेंगे. यह क्षेत्र एक ग्रीनफील्ड इंडस्ट्रियल सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और सतत औद्योगिकीकरण पर खास जोर है.

दोपहर करीब 1:30 बजे प्रधानमंत्री लोथल पहुंचेंगे और नेशनल मरीटाइम हेरिटेज कॉम्प्लेक्स (NHMC) की प्रगति की समीक्षा करेंगे. करीब 4,500 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह कॉम्प्लेक्स भारत की प्राचीन समुद्री परंपराओं को संरक्षित और प्रदर्शित करेगा. साथ ही, यह पर्यटन, शिक्षा, शोध और कौशल विकास का केंद्र बनने जा रहा है.

ये भी पढ़ें: GST Reforms जीवन और व्यापार में सुगमता को बढ़ाएंगे: PM नरेंद्र मोदी

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read