गुरुग्राम में मीडिया रिट्रीट, CMD उपेंद्र राय ने आध्यात्म पर रखी बात
Om Shanti Retreat Centre: दिल्ली से सटे गुरुग्राम में इन दिनों देशभर के मीडिया कर्मियों का तीन दिवसीय आध्यात्मिक रिट्रीट चल रहा है. ‘बियॉन्ड द हेडलाइंस: फ्रॉम इनर नॉइज टू इनर क्लैरिटी’ यानी ‘सुर्खियों से परे: आंतरिक शोर से आंतरिक स्पष्टता की ओर’ थीम पर आयोजित यह कार्यक्रम 27 से 29 नवंबर तक ब्रह्माकुमारी के द्वारा ओम शांति रिट्रीट सेंटर में हो रहा है. खास बात यह है कि इसी दौरान सेंटर अपनी रजत जयंती भी मना रहा है.
28 नवंबर को कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के चेयरमैन, एमडी और एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए. सेंटर में उनका स्वागत किया गया. इस दौरान उन्होंने आध्यात्म, मन की शांति, मौन और जीवन में स्पष्टता के महत्व पर अपनी बात रखी.

मन शांत होगा, तभी मिलेगी आंतरिक शांति
CMD उपेंद्र राय ने कहा कि आंतरिक शोर और आंतरिक शांति को समझना जरूरी है. जब इंसान अपने मन को शांत कर लेता है, तभी वह असली शांति को महसूस कर पाता है और परमात्मा से जुड़ने का अनुभव कर सकता है.
उन्होंने स्वामी विवेकानंद और रामकृष्ण परमहंस से जुड़ा प्रसंग सुनाते हुए बताया कि विवेकानंद जब ईश्वर की तलाश में निकले थे, तब उन्होंने देवेंद्रनाथ टैगोर से पूछा था कि क्या उन्होंने भगवान को देखा है. इसके बाद वह रामकृष्ण परमहंस के पास पहुंचे. वहां भी उन्होंने यही सवाल किया. रामकृष्ण परमहंस ने उन्हें जवाब दिया कि हां, उन्होंने ईश्वर को देखा है.

इस प्रसंग के जरिए CMD उपेंद्र राय ने कहा कि जीवन में कुछ चीजें ऐसी होती हैं, जिन्हें सिर्फ समझना काफी नहीं होता, उन्हें महसूस भी करना पड़ता है.
यूनिवर्स के शोर और ‘ॐ’ की ध्वनि का जिक्र
अपने संबोधन में उन्होंने ब्रह्मांड की विशालता और उसमें मौजूद ध्वनि का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि यूनिवर्स में एक तरह का कोलाहल है और उसमें ‘ॐ’ की ध्वनि का अनुभव किया जाता है. जीवन की हर चीज के पीछे परमात्मा की मौजूदगी को समझने की जरूरत है.

उन्होंने सूरज, पृथ्वी और उनकी गति का उदाहरण देते हुए बताया कि प्रकृति में हर चीज एक व्यवस्था के तहत चल रही है. इंसान को इस व्यवस्था और उसके पीछे छिपे अर्थ को समझने की कोशिश करनी चाहिए.
जहां बहुत शोर होता है, वहां क्रिएटिविटी नहीं होती
CMD उपेंद्र राय ने अपने संबोधन में शोर और रचनात्मकता के बीच के अंतर को भी समझाया. उन्होंने कहा कि सिर्फ चिल्लाना और अपनी बात जोर-जोर से कहना आसान है, लेकिन गहराई रखने वाला इंसान धैर्य से दूसरों की बात सुनता है. वह छोटी-छोटी बातों और बारीकियों को समझता है.

उन्होंने कहा कि जहां बहुत ज्यादा शोर होता है, वहां क्रिएटिविटी के लिए जगह कम रह जाती है. असली समझ उस व्यक्ति में होती है, जो पहले सुनता है, चीजों को समझता है और फिर सही समय पर अपनी बात रखता है.
मौन से बड़ी कोई साधना नहीं
CMD उपेंद्र राय ने मौन को जीवन की एक बड़ी साधना बताया. उन्होंने कहा कि हर बात पर बोलना जरूरी नहीं है. कई बार चुप रहकर भी बहुत कुछ समझा जा सकता है. इंसान को धैर्य के साथ चीजों को देखना और समझना चाहिए.

उन्होंने कहा कि गहरा व्यक्ति हर बात पर तुरंत प्रतिक्रिया नहीं देता. वह सब सुनता है, समझता है और सही समय आने पर अपनी बात रखता है. उसका मौन भी बहुत कुछ कह जाता है.
जल्द लॉन्च करेंगे राष्ट्रीय सहारा अखबार
कार्यक्रम के दौरान CMD उपेंद्र राय ने एक और अहम जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि वह जल्द ही राष्ट्रीय सहारा अखबार को दोबारा लॉन्च करने जा रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने अपनी बात को एक शेर के अंदाज में खत्म किया- ‘हजार इश्क करो, लेकिन ख्याल रहे कि पहली मोहब्बत की बद्दुआ न लगे!’
मीडिया प्रोफेशनल्स के लिए क्यों रखा गया यह रिट्रीट?
ओम शांति रिट्रीट सेंटर, गुरुग्राम की ओर से आयोजित यह तीन दिवसीय कार्यक्रम खास तौर पर मीडिया जगत से जुड़े पेशेवरों के लिए रखा गया है. इसका उद्देश्य उन्हें रोजमर्रा के काम के दबाव और लगातार भागदौड़ के बीच खुद से जुड़ने, मन को शांत करने और नई ऊर्जा हासिल करने का मौका देना है.

ब्रह्माकुमारीज की ओर से बीके कोमल ने बताया कि केंद्र में अलग-अलग पेशों से जुड़े लोगों के लिए समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. इसी कड़ी में मीडिया प्रोफेशनल्स के लिए यह विशेष रिट्रीट रखा गया है.
27 से 29 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में देशभर से मीडिया कर्मी हिस्सा ले रहे हैं. कार्यक्रम की थीम भी इसी सोच पर आधारित है कि सुर्खियों और बाहरी शोर से कुछ वक्त दूर रहकर इंसान अपने भीतर झांके और मानसिक स्पष्टता हासिल करे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



