पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर आज भारी उत्साह और जनसैलाब उमड़ पड़ा है. अवसर है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन और देश की पहली ‘वंदे भारत स्लीपर कोच ट्रेन’ के भव्य उद्घाटन का. हजारों की संख्या में पहुंचे आम नागरिक और स्कूली बच्चों की मौजूदगी इस पल को और भी खास बना रही है. यह न केवल रेल सुविधाओं में एक क्रांतिकारी बदलाव है, बल्कि बंगाल के विकास के लिए भी एक बड़ी सौगात मानी जा रही है.
भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर कोच ट्रेन
पीएम मोदी मालदा टाउन स्टेशन से देश की पहली वंदे भारत स्लीपर कोच का उद्घाटन करने के बाद पुराने मालदा बाईपास के पास के मैदान में कई ट्रेनों का उद्घाटन करेंगे. फिर प्रधानमंत्री एक जनसभा करेंगे. तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं. दूर-दूर से कई लोग कार्यक्रम स्थल पर आ रहे हैं.
भीड़ में मौजूद एक महिला ने खुशी जताते हुए आईएएनएस से कहा, “पीएम मोदी यहां आकर भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर कोच ट्रेन का उद्घाटन कर रहे हैं. यह हमारे लिए गर्व का पल है.”
वहीं मालदा पहुंचे एक पुरुष ने कहा, “बहुत अच्छा लग रहा है कि वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की शुरुआत होने जा रही है. यह ट्रेन यात्रियों के लिए एक बड़ी सुविधा होगी.”
प्रधानमंत्री से क्या-क्या उम्मीदें?
एक युवा ने भी अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए कहा, “यह पहली बार है जब यहां से वंदे भारत स्लीपर कोच ट्रेन का उद्घाटन हो रहा है. हम देखना चाहते हैं कि इस ट्रेन में यात्रियों को कौन-कौन सी नई सुविधाएं मिलेंगी.”
कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने प्रधानमंत्री से अपनी उम्मीदें भी साझा कीं.
देवलिना साहा ने कहा, “हमें पीएम मोदी से बहुत सारी उम्मीदें हैं. हम चाहते हैं कि बंगाल में बेटियों की सुरक्षा बेहतर हो और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें. हमारा मानना है कि भाजपा के आने से आतंक और असुरक्षा खत्म हो जाएगी. हम पीएम मोदी को ही हर बार प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं.”
बंगाल की सुरक्षा हो और मजबूत
वहीं आशा मुंडा ने कहा, “हम चाहते हैं कि बंगाल की सुरक्षा और मजबूत हो. साथ ही आदिवासी समुदाय के लिए भी पीएम मोदी कुछ अच्छा कदम उठाएं.”
गायत्री सरकार पॉल ने इस मौके को मालदा के लिए खास बताते हुए कहा, “यह हमारे शहर के लिए खुशी का पल है कि पीएम मोदी यहां आ रहे हैं. जब भी पीएम मोदी बंगाल आते हैं, वे कुछ न कुछ नई सौगात लेकर आते हैं.”
ये भी पढ़ें: किंगमेकर को खेला का डर! एकनाथ शिंदे का ‘BMC No Risk’ प्लान एक्टिव, मुंबई में लौटी रिसॉर्ट पॉलिटिक्स
-भारत एक्सप्रेस
नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


