Bharat Express DD Free Dish

पीएम मोदी को मिला इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान, राष्ट्रपति प्रबोवो ने माना भारतीय तकनीकों का लोहा

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने पीएम मोदी के सम्मान में दिए गए राजकीय भोज में भारत की नीतियों की जमकर तारीफ की. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि भारत की योजनाओं पर कोई कॉपीराइट नहीं है, इसलिए वे अपने देश के विकास के लिए पीएम मोदी की योजनाओं को कॉपी करते हैं.

PM Modi Indonesia Visit President Prabowo Praises Modi Government Schemes

PM Modi Indonesia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों इंडोनेशिया के तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर हैं. इस यात्रा के दौरान जकार्ता में पीएम मोदी के सम्मान में एक स्टेट बैंक्वेट का आयोजन किया गया. इस आयोजन के समय इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने पीएम मोदी की नीतियों की जमकर तारीफ की. राष्ट्रपति प्रबोवो ने कहा कि वे भारत की कई विकास योजनाओं की कॉपी करते हैं.

‘चुनौतियां एक जैसी, तो सीखने में कैसी झिझक’

मंच से बोलते हुए राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने कहा, ‘मैंने आपके राजनीतिक सफर को बहुत करीब से देखा है. मैं आपकी कई सरकारी योजनाओं को अपने देश में भी लागू करने की कोशिश करता हूं. जब कोई योजना करोड़ों लोगों की जिंदगी बदल सकती है, तो उसे अपनाने में कोई हिचक नहीं होनी चाहिए. आखिरकार, भारत और इंडोनेशिया दोनों के सामने एक जैसी चुनौतियां हैं—चाहे वह बड़ी आबादी हो, खेती-किसानी हो या फिर प्राकृतिक आपदाएं.’

इसके बाद उन्होंने थोड़ा मुस्कुराते हुए मजाकिया अंदाज में कहा, ‘मुझे इस बात की बेहद खुशी है कि आपकी इन शानदार योजनाओं पर कोई कॉपीराइट नहीं है, इसलिए मैं इन्हें आसानी से कॉपी कर लेता हूं.’ राष्ट्रपति की इस हाजिरजवाबी को सुनकर पीएम मोदी समेत वहां मौजूद सभी अतिथि ठहाके मारकर हंस पड़े और पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.

भारत से तकनीक सीख रहा है इंडोनेशिया

प्रबोवो ने यह भी बताया कि हाल ही में इंडोनेशिया का एक उच्चस्तरीय दल दो-तीन हफ्तों के लिए भारत के अध्ययन दौरे पर गया था. इस दौरे का मकसद बंजर और शुष्क जमीनों को दोबारा उपजाऊ बनाने की भारतीय तकनीकों, खासकर ‘परमाकल्चर मॉडल’ को समझना था. उन्होंने साफ कहा कि इंडोनेशिया को भारत से बहुत कुछ सीखना है और वे इन तौर-तरीकों को अपने देश में गंभीरता से लागू कर रहे हैं.

बता दें कि इंडो-पैसिफिक मिशन के तहत इंडोनेशिया पहुंचे पीएम मोदी का वहां भव्य स्वागत हुआ. द्विपक्षीय बातचीत के दौरान दोनों देशों के बीच कई अहम समझौतों पर मुहर लगी है. इसके साथ ही पीएम मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिंतांग आदिपूर्णा’ से भी नवाजा गया है.

ये भी पढ़ें: भारत-इंडोनेशिया साझेदारी का प्रभाव पूरी मानवता पर होगा: पीएम मोदी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read