PM Modi Israel Visit A to Z Plan: पीएम मोदी 25 और 26 फरवरी 2026 को इजराइल की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा पर हैं. 2017 के बाद यह उनकी दूसरी इजराइल यात्रा है, जो दोनों देशों के बीच समय की कसौटी पर खरी उतरी रणनीतिक साझेदारी को नए आयाम देगी. इस दौरे की घोषणा प्रधानमंत्री के प्रस्थान से ठीक एक शाम पहले की गई, जो इसकी संवेदनशीलता और रणनीतिक महत्व को दर्शाता है.
रक्षा और सुरक्षा होंगे एग्रीमेंट
इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण डिफेंस और सिक्योरिटी क्षेत्र में होने वाली प्रगति है. दोनों देशों के बीच एक बड़े ‘अपग्रेडेड सुरक्षा समझौते’ पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है. रक्षा गलियारों में चर्चा है कि भारत इजराइल की विश्व प्रसिद्ध मिसाइल रक्षा प्रणाली ‘आयरन डोम’ की तकनीक को लेकर अहम बातचीत कर सकता है. इजराइली राजदूत रुवहन अज़ार के अनुसार, बदलते वैश्विक खतरों से निपटने के लिए संवेदनशील प्रोजेक्ट्स पर साथ काम करने के लिए रक्षा संबंधों को और गहरा किया जाएगा.
‘फ्री ट्रेड एग्रीमेंट’ की तैयारी
दोनों देशों की कोशिश इस साल के अंत तक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को अंतिम रूप देने की है. द्विपक्षीय निवेश संधि पर पहले ही चर्चा हो चुकी है, अब व्यापारिक बाधाओं को दूर करने और निवेश बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार (Innovation), कृषि और जल प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर तलाशे जाएंगे.
क्षेत्रीय चुनौतियां और वैश्विक रुख
पीएम मोदी का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब पश्चिम एशिया में तनाव है और इजराइल-अमेरिका संबंधों में कुछ गर्माहट देखी जा रही है. दोनों नेता तेहरान के खिलाफ अमेरिकी रुख और अन्य क्षेत्रीय वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे. दो मजबूत लोकतंत्रों के रूप में साझा चुनौतियों की समीक्षा करना और रणनीतिक साझेदारी को पुनर्गठित करना इस यात्रा का कोर एजेंडा है.
पीएम मोदी का पूरा शेड्यूल
बुधवार, 25 फरवरी: मुलाकातों का सिलसिला
- तेल अवीव पहुचने के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ अनौपचारिक मुलाकात
- इजराइल की संसद ‘नेसेट’ में पीएम मोदी का विशेष भाषण
- शाम को इनोवेशन और टेक्नोलॉजी प्रदर्शनी का अवलोकन
- पीएम नेतन्याहू द्वारा आयोजित निजी डिनर में शिरकत
ये भी पढ़ें: 3 दिन के बिहार दौरे पर अमित शाह, किशनगंज से अररिया तक..; देखिए पूरा शेड्यूल
गुरुवार, 26 फरवरी: द्विपक्षीय वार्ता और सम्मान
- होलोकॉस्ट (यहूदियों के नरसंहार) की याद में बने विश्व स्मृति केंद्र का दौरा
- राष्ट्रपति से मुलाकात इजराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग के साथ द्विपक्षीय बैठक.
- दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की आधिकारिक चर्चा और समझौतों (MoUs) का आदान-प्रदान
दोस्ती की नई ऊंचाई
यह दौरा भारत और इजराइल की दोस्ती को महज खरीदार और विक्रेता के रिश्ते से ऊपर ले जाकर एक ‘सह-उत्पादन और रणनीतिक सहयोगी’ के रूप में स्थापित करेगा. ‘जन-जन के बीच आदान-प्रदान’ को बढ़ावा देना भी इस यात्रा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




