आज का दिन हर उस भारतीय के लिए गर्व और जोश से भरा है, जो इतिहास की वीर गाथाओं में यकीन रखता है. अवसर है अदम्य साहस और राजपूती आन-बान-शान के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती का. इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेवाड़ के इस महान योद्धा को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है.
मातृभूमि की गरिमा को नहीं आने दी आंच
प्रधानमंत्री ने महाराणा प्रताप को शौर्य, बलिदान और स्वाभिमान का एक ऐसा ‘अमर प्रतीक’ बताया, जिसकी मिसाल पूरी दुनिया में शायद ही कहीं मिले. पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में कहा कि महाराणा प्रताप ने अपनी मातृभूमि की गरिमा को कभी आंच नहीं आने दी और इसके लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन न्यौछावर कर दिया.
स्वाभिमान के आगे झुकी विशाल सेना
पीएम मोदी ने विशेष रूप से महाराणा प्रताप के उस अडिग संकल्प को याद किया, जिसके आगे मुगल सम्राट अकबर की विशाल सेना को भी संघर्ष करना पड़ा था. पीएम ने कहा कि महाराणा प्रताप ने कभी हार नहीं मानी और मेवाड़ की आजादी के लिए जंगलों में भटकना तो स्वीकार किया, लेकिन विदेशी आक्रमणकारियों के सामने कभी सिर नहीं झुकाया.
वीरता और पराक्रम के अमर प्रतीक, देश के महान योद्धा महाराणा प्रताप को उनकी जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। उन्होंने मातृभूमि की आन-बान और शान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके अदम्य साहस और अटूट स्वाभिमान की गाथाएं युगों-युगों तक देशवासियों के हृदय में राष्ट्रभक्ति का…
— Narendra Modi (@narendramodi) May 9, 2026
हल्दीघाटी का युद्ध, जो आज भी हमारी रगों में देशभक्ति का संचार करता है, उसे प्रधानमंत्री ने वीरता का ‘अमिट प्रतीक’ बताया. उन्होंने जोर देकर कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन सिर्फ एक राजा की कहानी नहीं है, बल्कि यह हम सभी के लिए देशभक्ति और आत्मसम्मान का एक जीता-जागता संदेश है.
इतिहास के पन्नों से
महाराणा प्रताप का जन्म 9 मई 1540 को हुआ था. वे इतिहास के उन गिने-चुने योद्धाओं में से एक थे, जिन्होंने महलों के सुख-सुविधाओं की जगह मातृभूमि की आजादी को चुना. उनकी वीरता की कहानियां आज भी राजस्थान की मिट्टी से लेकर दिल्ली के गलियारों तक बड़े ही सम्मान के साथ सुनाई जाती हैं.
ये भी पढ़ें: शपथ ग्रहण और रवींद्र जयंती का मेल: पीएम मोदी ने टैगोर को बताया भारतीय सभ्यता की चिरंतन आवाज
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



