Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

‘मन की बात’ @135: समुद्र से आकाश तक पीएम मोदी ने गिनाई जून में देश ने हासिल कीं ऐतिहासिक सफलताएं

पीएम ने ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में जून 2026 की प्रमुख राष्ट्रीय उपलब्धियों की चर्चा की. पीएम ने भारतीय नौसेना में शामिल 3 स्वदेशी जहाजों, C-295 विमान की पहली उड़ान और DRDO की नई क्रूज मिसाइल के सफल परीक्षण को आत्मनिर्भर भारत का बड़ा कदम बताया.

PM Modi

पीएम मोदी ने रविवार को अपने लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड के माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ में आप सभी से जुड़कर मुझे अत्यंत आनंद हो रहा है. 2026 का आधा वर्ष बीतने को है; इन छह महीनों में ‘मन की बात’ में देशवासियों की अनेक उपलब्धियों पर चर्चा की गई है. जून में भी देश ने कुछ ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं, जो देशवासियों को गर्व से भर देंगी. ये सफलताएं देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़ी हैं.

दुनागिरी, संशोधक और अग्रय

पीएम मोदी ने कहा कि हाल ही में कोलकाता में मुझे नौसेना से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला. वहां आईएनएस (INS) दुनागिरी, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रय को भारतीय नौसेना के बेड़े में शामिल किया गया. इन जहाजों की डिजाइन से लेकर मैन्यूफैक्चरिंग तक सबकुछ पूरी तरह स्वदेशी है.

‘मेड इन इंडिया’ C-295 विमान ने भरी पहली उड़ान

प्रधानमंत्री ने कहा कि जून के महीने में ही एविएशन सेक्टर में भी देश ने एक बड़ी सफलता पाई है. सी-295 (C-295) विमान पूरी तरह ‘मेड इन इंडिया’ है और इस विमान ने अपनी पहली उड़ान सफलतापूर्वक पूरी कर ली है. ऐसे 40 विमान भारत में ही बनाए जा रहे हैं. इससे एमएसएमई (MSME) और एयरोस्पेस सेक्टर को नई शक्ति मिल रही है. इसके साथ ही रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प भी मजबूत हो रहा है.

अटैक क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण

पीएम मोदी ने आगे कहा कि इसी महीने डीआरडीओ (DRDO) ने स्वदेशी लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल का भी सफल परीक्षण किया है. इसे डीआरडीओ की लेबोरेटरी और इंडियन इंडस्ट्री पार्टनर्स ने मिलकर तैयार किया है. उन्होंने कहा कि आज समुद्र से लेकर आकाश तक हमारा भारत अधिक सुरक्षित और आत्मनिर्भर बन रहा है.

ये भी पढ़ें: भगवान के घर में चोरी! किसने-कितना लूटा रामलला का खजाना? जानें बरामद कैश का हिसाब

उन्होंने यह भी कहा कि जून में एक और बड़ा आयोजन हुआ, जिसमें पूरी दुनिया भारत के प्रयासों से जुड़ी. यह कार्यक्रम ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ था. इस बार दुनिया के 2,500 से अधिक स्थानों पर योग के अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें हमारे देश और दुनिया भर के करोड़ों लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.

नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital