PM Modi: ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इसकी मुलाकात की तस्वीरें प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की है.
पीएम मोदी से मुलाकात के बाद ओडिशा के राज्यपाल कंभमपति ने बताया कि उन्होंने पीएम को ओडिशा में चल रहे विकास कार्यक्रमों, विभिन्न क्षेत्रों में हो रही निरंतर प्रगति के प्रयासों के बारे में जानकारी दी.
राज्यपाल ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति ने पीएम मोदी संग मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आज मुझे नई दिल्ली स्थित संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ. मैंने उन्हें ओडिशा में चल रहे विकास कार्यक्रमों, विभिन्न क्षेत्रों में हो रही निरंतर प्रगति और विकसित ओडिशा और विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप राज्य के विकास को और गति देने के लिए जारी प्रयासों के बारे में जानकारी दी.
इससे पहले ओडिशा के राज्यपाल ने कटक स्थित एक अस्पताल में लगी आग में हुई जानमाल की हानि पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए लिखा,
कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के ट्रॉमा केयर आईसीयू में हुई भीषण अग्निकांड से मैं अत्यंत स्तब्ध हूं. मरीजों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है और उनका उपचार जारी है. मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं और मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.
मोहन यादव ने भी की मुलाकात
इसके अलावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की. इसकी जानकारी खुद उन्होंने दी है. सीएम मोहन यादव ने पीएम मोदी से मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,
‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आज नई दिल्ली में भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया.
उन्होंने आगे बताया कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री जी को प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत हो रहे कार्यक्रमों, गतिविधियों एवं राज्य की प्रगति से अवगत कराया.
ये भी पढ़ें- बंगाल चुनाव 2026: आज शाम बजेगा चुनावी बिगुल, बुर्का-घूंघट वालियों पर नजर के लिए आयोग लाएगा खास नियम?
पीएम मोदी के अलावा मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी मुलाकात की.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




