Pariksha Pe Charcha 2026: बोर्ड परीक्षाओं का सीजन आते ही छात्रों के साथ माता-पिता की धड़कनें भी तेज हो जाती हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर प्रोफेसर बनकर बच्चों का तनाव दूर करने आ रहे हैं. कल (9 फरवरी 2026) को सुबह 10 बजे ‘परीक्षा पे चर्चा’ का दूसरा सेशन होने जा रहा है.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर एक छोटा सा वीडियो शेयर कर इस बार के सेशन की झलक दिखाई है. इस बार ‘परीक्षा पे चर्चा’ का अंदाज बदला है. प्रधानमंत्री ने खुद बताया कि उन्हें कई छात्रों ने सुझाव दिया था कि यह कार्यक्रम सिर्फ दिल्ली तक सीमित ना रहकर देश के अलग-अलग कोनों में होना चाहिए. पीएम ने बच्चों की बात मान ली. अब यह प्रोग्राम नई जगहों पर हो रहा है, जहां पीएम मोदी सीधे छात्रों से रूबरू हो रहे हैं.
इस साल इस कार्यक्रम ने लोकप्रियता के सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया हैं. इस 9वें एडिशन के लिए 4.5 करोड़ से ज्यादा छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. पिछले साल यह आंकड़ा 3.53 करोड़ था, जिसने खुद एक ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ बनाया था. लेकिन इस बार का जोश तो कुछ अलग ही लेवल पर है.
पहले एपिसोड में क्या हुआ?
इस बार का पहला एपिसोड 6 फरवरी को टेलीकास्ट हुआ था, जहां पीएम ने छात्रों के मुश्किल सवालों के बड़े ही मजेदार और सरल जवाब दिया. दूसरे सत्र में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिलेगा. तमिलनाडु से लेकर असम और छत्तीसगढ़ से लेकर गुजरात तक के बच्चे पीएम से अपने मन की बात कहेंगे. इसमें ना सिर्फ किताबी बातें होंगी, बल्कि कॉन्फिडेंस कैसे बढ़ाएं और प्रेशर में भी कूल कैसे रहें, इसका ‘सक्सेस मंत्र’ साझा किया जाएगा.
आप कहां और कैसे देख सकते हैं?
कल सुबह 10 बजे से आप इसे दूरदर्शन के साथ शिक्षा मंत्रालय और पीएम मोदी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर लाइव देख सकते हैं. सरकार की कोशिश है कि हर छात्र इस बातचीत का हिस्सा बन सके, ताकि एग्जाम के दौरान कोई भी बच्चा खुद को अकेला महसूस ना करे.
ये भी पढ़ें: 14 फरवरी को अमित शाह के पुडुचेरी दौरे के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, BJP कार्यकर्ताओं में भारी जोश
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




