Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

Ram Navami-2024: “यह पहली रामनवमी है, जब अयोध्या के भव्य और दिव्य राम मंदिर में…” PM मोदी ने रामलला को लेकर शेयर की भावुक पोस्ट, Video

रामनवमी के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है, ‘भव्य राम मंदिर की प्रथम रामनवमी का यह अवसर उन असंख्य राम भक्तों और संत-महात्माओं को स्मरण और नमन करने का भी है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राम मंदिर के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया.’

Ram Navami-2024

रामनवमी पर पीएम मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

Ram Navami-2024: रामनवमी के मौके पर उत्तर प्रदेश में अयोध्या स्थित राम मंदिर में बुधवार (17 अप्रैल) सुबह से ही रामलला के दर्शन के लिए भक्त मंदिर में पहुंच रहे हैं. रामनवमी का उत्सव मनाया जा रहा है. मंदिर के गर्भगृह में रामलला का दिव्य स्नान और इत्र लेपन के साथ ही उनका विशेष श्रृंगार किया गया.

इससे पहले रामलला की प्रतिमा को दूध व अन्य द्रव्यों से स्न्नान कराया गया है. इस मौके पर भगवान राम की प्रतिमा को स्नान कराया गया और उनका श्रृंगार किया गया है. 12 बजे मंदिर में जन्मोत्सव मनाया जाएगा.

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक भावुक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह सभी को रामनवमी की बधाई दे रहे हैं. उन्होंने राम भारत की आस्था है, राम भारत का आधार है… इन पंक्तियों के साथ ही उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया है.

पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा है, ‘देशभर के मेरे परिवारजनों को भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी की अनंत शुभकामनाएं! इस पावन अवसर पर मेरा मन भावविभोर और कृतार्थ है. ये श्रीराम की परम कृपा है कि इसी वर्ष अपने कोटि-कोटि देशवासियों के साथ मैं अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा का साक्षी बना. अवधपुरी के उस क्षण की स्मृतियां अब भी उसी ऊर्जा से मेरे मन में स्पंदित होती हैं.’

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा है, ‘यह पहली रामनवमी है, जब अयोध्या के भव्य और दिव्य राम मंदिर में हमारे रामलला विराजमान हो चुके हैं. रामनवमी के इस उत्सव में आज अयोध्या एक अप्रतिम आनंद में है. 5 शताब्दियों की प्रतीक्षा के बाद आज हमें ये रामनवमी अयोध्या में इस तरह मनाने का सौभाग्य मिला है. यह देशवासियों की इतने वर्षों की कठिन तपस्या, त्याग और बलिदान का सुफल है.’

ये भी पढ़ें-Ram Navami-2024: आज अद्भुत होगा राम मंदिर का दृश्य, सूर्य देव करेंगे रामलला का अभिषेक, पुरी तट पर बनाई गई 20 फीट लंबी मूर्ति, Video

पीएम मोदी ने अपनी बात को जारी रखते हुए एक अन्य पोस्ट में कहा है, ‘प्रभु श्रीराम भारतीय जनमानस के रोम-रोम में रचे-बसे हैं, अंतर्मन में समाहित हैं. भव्य राम मंदिर की प्रथम रामनवमी का यह अवसर उन असंख्य राम भक्तों और संत-महात्माओं को स्मरण और नमन करने का भी है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राम मंदिर के निर्माण के लिए समर्पित कर दिया.’

उन्होंने कहा, ‘मुझे पूर्ण विश्वास है कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन और उनके आदर्श विकसित भारत के निर्माण के सशक्त आधार बनेंगे. उनका आशीर्वाद आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा. प्रभु श्रीराम के चरणों में कोटि-कोटि नमन और वंदन!’

एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, ‘दिव्य-भव्य राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद ये पहली रामनवमी है, जिसमें प्रभु श्री राम के सूर्य तिलक का अलौकिक अवसर भी आया है. दुनियाभर के राम भक्तों से मेरा आग्रह है कि वे इस अद्भुत क्षण का साक्षी जरूर बनें.’

बता दें कि इसी वर्ष 22 जनवरी को पीएम मोदी के हाथों राम मंदिर का उद्घाटन हुआ था. रामनवमी का ये मौका हर राम भक्त के लिए ऐतिहासिक पल है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital