प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 मई को सिक्किम और पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे, जहां वह विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. यह दौरा पूर्वोत्तर और पूर्व भारत के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
प्रधानमंत्री मोदी 29 मई की सुबह लगभग 11 बजे सिक्किम के “Sikkim@50: जहां प्रगति का उद्देश्य से मिलन होता है और प्रकृति विकास को संवारती है” कार्यक्रम में भाग लेंगे. यह आयोजन राज्य के 50 वर्षों के राज्यत्व की यात्रा को चिह्नित करता है और इसकी सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और विकास यात्रा को समर्पित है.
इस अवसर पर प्रधानमंत्री निम्नलिखित प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे
- नया 500-बेड वाला जिला अस्पताल – जिसकी अनुमानित लागत ₹750 करोड़ है, यह नम्ची जिले में स्थापित होगा.
- पैसेंजर रोपवे परियोजनाएं – संगाचोलिंग, पेल्लिंग और गंगटोक जिले में संगखोला तक यातायात सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से.
- भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा – अटल अमृत उद्यान में स्थापित की जाएगी.
- स्मारक सिक्के का विमोचन – सिक्किम की राज्य बनने की 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विशेष सिक्के का अनावरण.
प्रधानमंत्री सिक्किम के लोगों को संबोधित करते हुए राज्य की उपलब्धियों की सराहना करेंगे और भविष्य के विकास की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराएंगे.
पश्चिम बंगाल में गैस वितरण परियोजना का शिलान्यास
सिक्किम दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों का दौरा करेंगे. दोपहर लगभग 2:15 बजे वह City Gas Distribution (CGD) परियोजना की आधारशिला रखेंगे.
इस परियोजना की कुल लागत ₹1050 करोड़ से अधिक आंकी गई है और इसके तहत:
- 2.5 लाख से अधिक घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी.
- 100 से अधिक वाणिज्यिक और औद्योगिक इकाइयों को पीएनजी और सीएनजी की सुविधा मिलेगी.
- 19 नए सीएनजी स्टेशन स्थापित किए जाएंगे जिससे वाहनों को ईंधन आपूर्ति की सुविधा मिलेगी.
- परियोजना पर्यावरण-अनुकूल, किफायती और भरोसेमंद ईंधन आपूर्ति के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाएगी.
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा देश की पूर्वी सीमाओं पर स्थित राज्यों में सांस्कृतिक गौरव, स्वास्थ्य सेवा, बुनियादी ढांचा और ऊर्जा आपूर्ति जैसे क्षेत्रों में ठोस प्रगति सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक प्रयास के रूप में देखा जा रहा है. यह विकास योजनाएं ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में अहम कदम हैं.
ये भी पढ़ें: एनडीए सरकार एनटी रामाराव गारू के विजन को पूरा कर रही: पीएम मोदी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



