Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

न्यू नोएडा का पूरा ब्लूप्रिंट तैयार, 114 सेक्टरों में बसेगा यूपी का नया मेगा सिटी

New Noida Master Plan: न्यू नोएडा का मास्टर प्लान तैयार हो चुका है. दादरी से खुर्जा तक 80 गांवों की जमीन पर 114 सेक्टर बसाए जाएंगे. जानिए नए शहर में औद्योगिक, आवासीय और संस्थागत विकास की पूरी योजना.

New Noida Master Plan

New Noida Master Plan: दिल्ली-एनसीआर के विस्तार की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है. दादरी नोएडा गाजियाबाद इन्वेस्टमेंट रीजन (DNGIR), जिसे आमतौर पर न्यू नोएडा कहा जा रहा है, अब योजना के स्तर से आगे बढ़कर जमीन पर उतरने की तैयारी में है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना का सेक्टरवार लेआउट तैयार कर लिया गया है. मास्टर प्लान 2024 के तहत लगभग 200 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में नए शहर का विकास किया जाएगा, जहां कुल 114 सेक्टर बसाए जाएंगे.

80 गांवों की जमीन पर आकार लेगा नया शहर

न्यू नोएडा का प्रस्तावित क्षेत्र गौतम बुद्ध नगर के दादरी से लेकर बुलंदशहर के खुर्जा तक फैला होगा. इस परियोजना के लिए करीब 80 गांवों की जमीन को विकास क्षेत्र में शामिल किया गया है. नियोजन विभाग द्वारा तैयार की गई विस्तृत योजना को प्राधिकरण की औपचारिक मंजूरी भी मिल चुकी है. अब प्रशासन अगले चरण में भूमि अधिग्रहण और चरणबद्ध विकास प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा.

दादरी से शुरू होगा पहला सेक्टर

योजना के अनुसार न्यू नोएडा का पहला सेक्टर दादरी में शिव नादर विश्वविद्यालय के सामने, जीटी रोड के दूसरी तरफ विकसित किया जाएगा. जीटी रोड और ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे के बीच कुल 15 सेक्टर विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है. शुरुआती चरण में तैयार होने वाले सेक्टरों में आवासीय विकास को प्राथमिकता दी जाएगी. इसी क्षेत्र में सेक्टर 10 और सेक्टर 11 को भी आवासीय उपयोग के लिए निर्धारित किया गया है.

औद्योगिक विकास पर सबसे ज्यादा जोर

न्यू नोएडा को उद्योग और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने की बड़ी योजना बनाई गई है. इसी वजह से कुल क्षेत्रफल का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा औद्योगिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखा गया है. शहर में कुल 71 औद्योगिक सेक्टर विकसित किए जाएंगे. इनमें सेक्टर 18 से 47, 51 से 57, 61 से 64, 69 से 75, 79 से 84, 88 से 90, 92 से 103 और 105 से 114 तक के सेक्टर शामिल किए गए हैं. इन क्षेत्रों में औद्योगिक इकाइयों के साथ-साथ वेयरहाउसिंग सुविधाओं के लिए भी विशेष भूखंड विकसित किए जाएंगे. अधिकारियों का मानना है कि इससे रोजगार और निवेश दोनों को बढ़ावा मिलेगा.

आवासीय और संस्थागत सेक्टरों की भी योजना

न्यू नोएडा केवल उद्योग आधारित शहर नहीं होगा, बल्कि यहां रहने और शिक्षा जैसी सुविधाओं पर भी खास ध्यान दिया गया है. परियोजना के तहत 19 आवासीय सेक्टर और 7 संस्थागत सेक्टर विकसित किए जाएंगे. इसके लिए कुल 28.11 वर्ग किलोमीटर भूमि निर्धारित की गई है. साथ ही व्यावसायिक गतिविधियों और अन्य जरूरी उपयोगों के लिए भी अलग से जमीन आरक्षित रखी गई है.

ये भी पढ़ें-अवैध जमीन कब्जा करने वालों की खैर नहीं! अब होगी सख्त कार्रवाई, CM योगी ने अधिकारियों को दे दिए निर्देश

ग्रुप हाउसिंग को भी मिलेगी जगह

आवासीय विकास के लिए चिह्नित 28.5 किलोमीटर क्षेत्र में सेक्टर 1 से 8, 11 से 15, 58, 60, 85, 86 और 87 शामिल हैं. इन सेक्टरों में सामान्य आवासीय भूखंडों के साथ ग्रुप हाउसिंग परियोजनाएं भी विकसित की जाएंगी. नोएडा प्राधिकरण के नियोजन विभाग की जीएम मीना भार्गव के अनुसार, प्रत्येक सेक्टर का अलग-अलग नक्शा तैयार किया जाएगा. उन्होंने बताया कि पूरे न्यू नोएडा की सेक्टर योजना मास्टर प्लान 2041 को ध्यान में रखकर बनाई गई है, ताकि भविष्य की जरूरतों के अनुरूप एक आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर विकसित किया जा सके.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism