राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित ‘चिन्मय अमृत महोत्सव ग्लोबल सम्मेलन’ के दौरान एक बेहद अद्भुत और भावुक कर देने वाला पल देखने को मिला. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद आध्यात्मिक गुरु स्वामी चिन्मयानंद के होलोग्राफिक (Holographic) अवतार से अनोखा संवाद किया और भविष्य के कार्यों के लिए उनका आशीर्वाद मांगा. टेक्नोलॉजी और अध्यात्म का यह अनूठा संगम वहां मौजूद हर शख्स के लिए एक यादगार अनुभव बन गया.
होलोग्राफिक अवतार से संवाद
संवाद के दौरान जब पीएम मोदी ने आध्यात्मिक गुरु से आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि यह उनका सौभाग्य था कि वे उनसे मिले थे, तो उनके होलोग्राफिक अवतार ने उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में देखकर खुशी जताई और स्नेह के साथ कहा, ‘भारत तुम्हारे साथ है, नरेंद्र.’ इस पल को याद करते हुए प्रधानमंत्री भावुक हो गए और उन्होंने साल 1993 की अपनी मुलाकात को याद किया. उन्होंने बताया कि वे स्वामी जी को शिकागो में होने वाले ‘विश्व धर्म संसद’ के शताब्दी समारोह में आमंत्रित करने गए थे, जिसे उन्होंने स्वीकार भी कर लिया था, लेकिन 3 अगस्त को अचानक उनके निधन से वे दुनिया छोड़कर चले गए.
सांस्कृतिक पुनर्जागरण और शिक्षा पर जोर
संबोधन के आगे बढ़ते हुए पीएम मोदी ने देश की शिक्षा व्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि आज देश की नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) में भारतीय ज्ञान परंपरा, मातृभाषा और आधुनिक तकनीक को विशेष महत्व दिया जा रहा है. चिन्मय मिशन के संस्थानों द्वारा लाखों युवाओं को संस्कारित और आधुनिक शिक्षा दिए जाने की उन्होंने सराहना की.
प्रधानमंत्री ने देश के सांस्कृतिक पुनर्जागरण का जिक्र करते हुए कहा कि आज काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में राम मंदिर, महाकाल लोक और केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम अपने भव्य स्वरूप में लौट रहे हैं. इसके साथ ही पिछले 12 वर्षों में देश से चोरी हुई 650 से ज्यादा प्राचीन मूर्तियों को विदेशों से सम्मान के साथ वापस लाया गया है. उन्होंने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरी दुनिया को भारत की महान परंपरा से जोड़ रहा है, जो गुलामी की मानसिकता से मुक्ति और अपनी विरासत पर गर्व का प्रतीक है.
यह भी पढ़ें: ‘चिन्मय मिशन सिर्फ संस्था नहीं, एक विचार है’, पीएम मोदी ने किया चिन्मय अमृत महोत्सव का उद्घाटन
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




