Bharat Express DD Free Dish

PM मोदी देहरादून में आज करेंगे 38वें National Games का उद्घाटन, ओडिशा कॉन्क्लेव 2025 में भी होंगे शामिल

प्रधानमंत्री मोदी देहरादून में 38वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे. इस आयोजन में 11 हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और इस बार “ग्रीन गेम्स” पर ध्यान दिया जाएगा.

PM Modi

National Games in Uttarakhand: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (28 जनवरी) उत्तराखंड के देहरादून में 38वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे. इन खेलों का आयोजन उत्तराखंड के रजत जयंती वर्ष के दौरान किया जा रहा है, जो 28 जनवरी से 14 फरवरी तक चलेंगे. खेलों में देशभर से 36 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के 11 हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे.

इस बार के राष्ट्रीय खेलों का मुख्य थीम “ग्रीन गेम्स” यानी हरित खेल है. आयोजकों ने पर्यावरण पर ध्यान केंद्रित करते हुए इस बार स्थिरता को प्राथमिकता दी है. आयोजन स्थल के पास स्पोर्ट्स फॉरेस्ट नामक एक पार्क विकसित किया जाएगा, जिसमें एथलीट और मेहमान मिलकर 10,000 से अधिक पौधे लगाएंगे.

35 खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी

इस बार 35 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें 33 खेलों में पदक दिए जाएंगे. इसके साथ ही दो खेल प्रदर्शनी के रूप में होंगे. खास बात यह है कि इस बार योग और मल्लखंब को पहली बार राष्ट्रीय खेलों में शामिल किया गया है.

उद्घाटन कार्यक्रम में गतिविधियां

प्रधानमंत्री मोदी देहरादून में शाम करीब 6 बजे इस भव्य आयोजन का उद्घाटन करेंगे. यह खेलों का आयोजन उत्तराखंड के 8 जिलों और 11 शहरों में किया जाएगा. इन खेलों से न सिर्फ खिलाड़ियों को मंच मिलेगा, बल्कि उत्तराखंड में खेलों को बढ़ावा देने का भी एक अहम अवसर होगा.

ओडिशा का दौरा भी करेंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी 28 जनवरी को ओडिशा में भी जाएंगे, जहां वह उत्कर्ष ओडिशा- मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव 2025 का उद्घाटन करेंगे. इस सम्मेलन का उद्देश्य ओडिशा को एक प्रमुख वैश्विक निवेश गंतव्य और औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करना है. प्रधानमंत्री मोदी का 28 जनवरी का दौरा देश में खेलों और निवेश के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है. राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन के साथ, यह आयोजन उत्तराखंड के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read