Bharat Express DD Free Dish

पराक्रम दिवस 2026: पीएम मोदी ने नेताजी को दी श्रद्धांजलि, बोले- ‘देशभक्ति की मिसाल’

देश आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मना रहा है. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेताजी के अदम्य साहस और निडर नेतृत्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

Netaji Subhas Chandra Bose birth anniversary PM Narendra Modi tribute

आज के दिन भारतवर्ष पराक्रम दिवस मना रहा है. इस खास अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के महान स्वतंत्रा सेनानी, आजाद हिंद फौज के संस्थापक और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नेताजी सुभाष चंद्र बोस को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की. पीएम मोदी ने कहा कि बोस निडर लीडरशिप और पक्की देशभक्ति की मिसाल थे.

देशभक्ति की मिसाल: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर, जिसे पराक्रम दिवस के रूप में मनाया जाता है. हम उनके अदम्य साहस, पक्के इरादे और देश के लिए उनके बेमिसाल योगदान को याद करते हैं.

उन्होंने ने आगे लिखा कि वे निडर लीडरशिप और पक्की देशभक्ति की मिसाल थे. उनके आदर्श पीढ़ी दर पीढ़ी को एक मजबूत भारत बनाने के लिए प्रेरित करते रहते हैं.

पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट करते हुए ये भी बताया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जीवन हमें बताता है कि वीरता और शौर्य के मायने क्या होते हैं. पराक्रम दिवस हमें इसी का स्मरण कराता है.

अन्य नेताओं ने भी दी श्रद्धांजलि

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पोस्ट में लिखा, “‘जय हिंद’ और ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा’ जैसे ओजस्वी नारों के जरिए देशवासियों में देशप्रेम और क्रांति की चेतना जगाने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष तथा हमारे प्रेरणास्रोत नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन. मातृभूमि के प्रति उनका अद्वितीय प्रेम और समर्पण, साथ ही सांप्रदायिकता के विरुद्ध उनका दृढ़ विरोध, हम सभी को निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है.”

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लिखा, “भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन. अपने साहस, दृढ़ संकल्प और प्रखर नेतृत्व से उन्होंने देश को स्वतंत्रता के मार्ग पर अग्रसर किया. राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण हर भारतवासी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा. जय हिंद.”

‘आगे बढ़ना ही है’: रणदीप सिंह सुरजेवाला

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने लिखा, “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा के नारे से भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में नयी ऊर्जा भरने वाले महान् नायक नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन.”

कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की एक पंक्ती शेयर करते हुए एक्स पोस्ट में लिखा, “हमारी राह भले ही भयानक व पथरीली हो, हमारी यात्रा चाहे कितनी भी कष्टदायक हो, फिर भी हमें आगे बढ़ना ही है. सफलता का दिन दूर हो सकता है, पर उसका आना अनिवार्य है. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष,आजाद हिंद फौज के संस्थापक,हमारे प्रेरणास्रोत व राष्ट्रीय आंदोलन में अग्रिम भूमिका निभाने वाले नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जी की जयंती पर उन्हें शत शत नमन.”

ये भी पढ़ें: बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा पर फोकस, क्या आंध्र बनेगा सोशल मीडिया बैन करने वाला पहला राज्य

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read