Bharat Express DD Free Dish

35000 करोड़ की सौगात के साथ आज गुजरात में पीएम मोदी, 1 घंटे में ‘हाउसफुल’ हुआ वडोदरा शो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 सितंबर को वडोदरा से ₹35,000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे.

Modi
Edited by Rohit Agrawal

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 सितंबर 2026 को गुजरात के वडोदरा में विकास की एक नई इबारत लिखने जा रहे हैं. पीएम वडोदरा की धरती से देश को 35,000 करोड़ से अधिक की विशाल विकास परियोजनाओं की सौगात सौंपेंगे. इस ऐतिहासिक मौके पर वडोदरा में ऐसा माहौल दिखा जो भारतीय राजनीति और प्रशासन के इतिहास में पहली बार हुआ है कि कार्यक्रम में जनभागीदारी के लिए ‘BookMyShow’ ऐप से मुफ़्त ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन खोला गया.

देखते ही देखते मात्र 1 घंटे के भीतर सभी सीटें बुक हो गईं… इसके बाद 42,000 से ज्यादा लोग वेटिंग लिस्ट में रह गए, जो पीएम मोदी के इस कार्यक्रम को लेकर जनता के बीच ज़बरदस्त क्रेज को दिखाता है.

पूरी तरह ऑपरेशनल हुआ वेस्टर्न DFC

इस दौरे का सबसे बड़ा हाइलाइट वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के तीन मुख्य सेक्शन्स का लोकार्पण है. ₹20,700 करोड़ से अधिक की लागत से तैयार 326 किलोमीटर लंबे इन सेक्शन्स (न्यू सनंद-न्यू मकरपुरा, न्यू उमबरगांव-न्यू सफाले, और न्यू सफाले-न्यू JNPT) के शुरू होते ही पूरा DFC नेटवर्क शत-प्रतिशत चालू हो जाएगा.

जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (JNPT) से सीधी कनेक्टिविटी मिलने की वजह से एक्सपोर्ट-इंपोर्ट सामान की ढुलाई सुपरफास्ट होगी, ट्रांसपोर्टेशन का खर्च घटेगा और मुंबई रेल नेटवर्क का ट्रैफिक जाम खत्म होगा. पीएम मोदी चार जगहों से फ्रेट ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.

9,700 करोड़ के नए रेल प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास

छोटा उदेपुर-धार प्रोजेक्ट के तहत बनी ‘जोबट-टांडा रोड’ नई रेल लाइन भी राष्ट्र को समर्पित की जाएगी. इससे अलीराजपुर के दूरदराज आदिवासी क्षेत्र सीधे देश के मुख्य रेलवे नेटवर्क से जुड़ जाएंगे. इसके साथ ही वडोदरा-टांडा रोड (प्रतापनगर) के बीच नई पैसेंजर ट्रेन सेवा शुरू होगी.

इतना ही नहीं, गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने और ट्रेनों की रफ्तार तेज करने के लिए ₹9,700 करोड़ से अधिक लागत की 329 किमी लंबी 3 नई रेल लाइनों (वडोदरा-रतलाम तीसरी और चौथी लाइन आदि) का शिलान्यास भी किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: श्रीनगर में शुरू हुआ जम्मू-कश्मीर का पहला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, 80 देशों से मिलीं 1100 से ज्यादा एंट्री

2,600 करोड़ की अन्य परियोजनाओं को हरी झंडी

पीएम मोदी नेशनल हाईवे 48 और 53 के चौड़ीकरण और नए पुलों के निर्माण के लिए ₹1,780 करोड़ की तीन राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे. वहीं गुजरात सरकार की ₹2,600 करोड़ की योजनाओं में कडाणा डैम पर 110 मेगावाट के तैरते हुए सोलर प्लांट (Floating Solar Project), वडोदरा अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी की रिंग रोड फेज-2, VMC का नया दफ्तर, पूर्वी वडोदरा के 11 गांवों के लिए पीने का पानी और प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के नए घर शामिल हैं.

पीएम इन वडोदरा मिनट-टू-मिनट टाइमलाइन

दोपहर 12:00 बजे: वडोदरा में जनसभा स्थल पर आगमन. ₹35,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण और राष्ट्र को समर्पण.

दोपहर 12:30 बजे से 01:30 बजे तक: नई ट्रेनों (मालगाड़ियों और वडोदरा-टांडा रोड पैसेंजर) को हरी झंडी और विशाल जनसभा को संबोधन.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read