Bharat Express DD Free Dish

पीएम मोदी ने कैसे किया अपने नए बॉस नितिन नबीन का बखान? बताया ‘मिलेनियल’ और सेट किया एजेंडा

PM Modi On Nitin Nabin BJP President: पीएम मोदी ने बीजेपी के नए अध्यक्ष नितिन नबीन का स्वागत किया और उन्हें अपना ‘बॉस’ बताया है. पीएम ने उन्हें ‘मिलेनियल’ नेता कहते हुए एनडीए को संभालने की जिम्मेदारी भी दी.

PM Modi Welcomes New BJP President Said Nitin Nabin is My Boss Calls Him Millennial Leader

PM Modi On Nitin Nabin BJP President: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के इतिहास में मंगलवार का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया. दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी की कमान अब आधिकारिक तौर पर 5 बार के विधायक और युवा नेता नितिन नबीन (Nitin Nabin) के हाथों में है. भव्य समारोह में चुनाव अधिकारी डॉ. के लक्ष्मण ने उनके नाम का औपचारिक ऐलान किया. इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी समेत पार्टी के तमाम दिग्गज मौजूद रहे.

ताजपोशी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो संबोधन दिया, उसने न केवल नए अध्यक्ष का मान बढ़ाया, बल्कि कार्यकर्ताओं को संगठन की सर्वोच्चता का पाठ भी पढ़ाया.

पीएम मोदी ने दिया संगठन सर्वोपरि का मंत्र (Nitin Nabin is my Boss- PM Modi)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत बेहद विनम्रता और अनुशासन के साथ की. उन्होंने कहा कि बीजेपी एक ऐसी पार्टी है, जहां लोगों को लगता होगा कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, तीसरी बार पीएम बने हैं, 25 साल से लगातार हेड ऑफ द गवर्नमेंट (सरकार के मुखिया) रहे हैं. लेकिन ये सब अपनी जगह है. मेरे जीवन में इन सबसे बड़ी चीज यह है कि मैं भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता हूं. पीएम मोदी ने नए अध्यक्ष की ओर इशारा करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा-

‘जब बात पार्टी के विषयों पर आती है, तब मैं सिर्फ एक कार्यकर्ता हूं और माननीय नितिन नबीन जी मेरे ‘बॉस’ हैं.” पीएम के इस एक वाक्य ने स्पष्ट कर दिया कि बीजेपी में संगठन ही सर्वोपरि है और सरकार उसके निर्देशों पर चलने वाली व्यवस्था है.’

‘रेडियो से AI तक की पीढ़ी’

पीएम मोदी ने नितिन नबीन को आज के दौर का ‘मिलेनियल’ नेता करार दिया. उन्होंने उनकी खूबियों का बखान करते हुए कहा कि नितिन जी उस पीढ़ी से आते हैं, जिसने भारत में बड़े आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी परिवर्तन अपनी आंखों से देखे हैं. वे उस पीढ़ी के हैं जिसने बचपन में रेडियो पर खबरें सुनीं और आज वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सक्रिय उपयोगकर्ता है. पीएम ने कहा कि नितिन जी में युवा ऊर्जा और संगठनात्मक कार्य का व्यापक अनुभव दोनों का संगम है, जो पार्टी के लिए लाभकारी होगा.

शून्य से शिखर तक का सफर

पीएम मोदी ने पार्टी के पुराने दिनों और पूर्व अध्यक्षों को याद करते हुए भावुक अपील की. उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी जी के नेतृत्व में बीजेपी ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है. वेंकैया नायडू और नितिन गडकरी के योगदान को सराहा जिन्होंने संगठन का विस्तार किया. राजनाथ सिंह के नेतृत्व में पार्टी ने पहली बार पूर्ण बहुमत हासिल किया, अमित शाह के नेतृत्व में कई राज्यों में सरकारें बनीं और केंद्र में दोबारा वापसी हुई. वहीं, जेपी नड्डा के नेतृत्व में पार्टी पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक सशक्त हुई.

‘हमने सत्ता को सेवा का माध्यम बनाया’

विपक्ष पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश ने कांग्रेस का परिवारवाद, लेफ्ट का मॉडल और अस्थिर सरकारों का दौर देखा है. लेकिन आज देश बीजेपी का ‘स्थिरता, सुशासन और संवेदनशीलता’ वाला मॉडल देख रहा है. उन्होंने कहा कि पहले आदिवासियों को सिर्फ वोट बैंक समझा जाता था, लेकिन बीजेपी ने उनकी पीड़ा समझी और पीएम-जनमन योजना लेकर आई. महाराष्ट्र के स्थानीय निकायों में बीजेपी नंबर-1 पार्टी बनी है. 29 में से 25 बड़े शहरों में जनता ने हमें चुना. केरल में हमारे 100 पार्षद हैं और तिरुवनंतपुरम में 45 साल बाद लेफ्ट से सत्ता छीनकर जनता ने हम पर भरोसा किया.

बीजेपी एक परिवार है- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने पार्टी की कार्यसंस्कृति पर एक बड़ी बात कही. उन्होंने कहा कि बीजेपी एक संस्कार है, एक परिवार है. हमारे यहां ‘मेंबरशिप’ (सदस्यता) से ज्यादा ‘रिलेशनशिप’ (संबंधों) की अहमियत होती है.” उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी पद से नहीं, प्रक्रिया से चलती है. “हमारे यहां अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन आदर्श नहीं बदलते. नेतृत्व बदलता है, लेकिन दिशा नहीं बदलती.

ये भी पढ़ें: BJP में ‘नबीन युग’ का आगाज, PM मोदी ने पहनाई जीत की माला

अपने भाषण के अंत में पीएम मोदी ने नए अध्यक्ष को भविष्य का रोडमैप भी सौंपा. उन्होंने कहा कि 21वीं सदी के आने वाले 25 वर्ष ‘विकसित भारत’ के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण हैं. नितिन नबीन का दायित्व सिर्फ बीजेपी को संभालना ही नहीं है, बल्कि एनडीए (NDA) के सभी घटक दलों के बीच तालमेल बिठाना भी उनकी जिम्मेदारी होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read