Bharat Express DD Free Dish

‘स्वस्थ और दीर्घायु रहें थिरु विजय…’; तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलापति के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

तमिलनाडु के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के 52वें जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दी हैं.

PM Modi Greets Tamil Nadu CM Thalapathy Vijay On 52nd Birthday

तमिलनाडु के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री और दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार सी. जोसेफ विजय आज अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बधाई दी.

लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं

पीएम मोदी ने लिखा, ‘तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थिरु सी. जोसेफ विजय को जन्मदिन की बधाई. मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं.’ मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय का यह पहला जन्मदिन है, इसलिए उनके फैंस और राजनीतिक गलियारों में भारी उत्साह है.

बाल कलाकार से शुरू हुआ ‘थलापति’ बनने का सफर

22 जून 1974 को चेन्नई में जन्मे जोसेफ विजय चंद्रशेखर का पूरा जीवन किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसा ही रोमांचक रहा है. वह मशहूर फिल्म निर्माता एस.ए. चंद्रशेखर और गायिका शोभा चंद्रशेखर के बेटे हैं. विजय ने महज 10 साल की उम्र में अपने पिता के निर्देशन में बनी फिल्म ‘वेट्री’ (1984) से बतौर बाल कलाकार शुरुआत की थी.

शुरुआत में रोमांटिक हीरो के रूप में पहचान बनाने वाले विजय ने बाद में ‘घिल्ली’, ‘पोक्किरी’ और ‘सरकार’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के जरिए खुद को सिनेमा के सबसे बड़े एक्शन स्टार के रूप में स्थापित किया. सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर बनी उनकी फिल्मों ने उन्हें फैंस के बीच ‘थलापति’ (सेनापति) बना दिया.

2026 चुनाव में रचा इतिहास

सिनेमा की इसी दीवानगी को विजय ने देश सेवा में बदलने का फैसला किया. साल 2024 में उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (TVK) का गठन किया. हाल ही में संपन्न हुए 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी ने धमाका कर दिया और 234 में से 108 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरी. बहुमत से कुछ कदम दूर रहने पर टीवीके ने कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों के साथ मिलकर गठबंधन सरकार बनाई और 10 मई 2026 को जोसेफ विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. एमडीआर (MGR) और जयललिता की तरह ही पर्दे से सियासत के शिखर तक पहुंचे विजय आज पूरे राज्य का नेतृत्व कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: ‘ऑपरेशन सक्सेसफुल…’ सीएम फडणवीस के बयान ने उड़ाए ठाकरे के होश, क्या 3 बजे तक पलट जाएगी महाराष्ट्र की सियासत?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read