P S CHAUHAN
12 मई देसूरी पुलिस और डीएसटी टीम ने मंगलवार सुबह नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए 486 किलो डोडा पोस्त से भरी स्कॉर्पियो जब्त की. तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए स्कॉर्पियो को शादी में सजी कार की तरह सजाया हुआ था और होर्डिंग भी लगाई थी. हालांकि नाकाबंदी तोड़कर भागे तस्कर को पुलिस ने पीछा कर घेर लिया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह फरार हो गया.
नाकाबंदी तोड़ भागा तस्कर
मुखबिर की सूचना पर डीएसटी व देसूरी पुलिस ने राजमार्ग-16 पर हरिओम आश्रम के पास नाकाबंदी की. इसी दौरान शादी के लिए सजी व होर्डिंग लगी एक संदिग्ध स्कॉर्पियो आई. पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक नाकाबंदी तोड़कर लापी रोड की ओर भगा ले गया. पुलिस व डीएसटी टीम ने पीछा किया. लापी रोड पर हनुमान जी मंदिर के पास तस्कर गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया.
24 कट्टों में भरा था 486 किलो डोडा पोस्त
पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें 24 कट्टों में कुल 486 किलो अवैध डोडा पोस्त भरा मिला. पुलिस ने तत्काल वाहन और मादक पदार्थ जब्त कर लिया. जब्त डोडा पोस्त की बाजार कीमत लाखों में आंकी जा रही है. फरार तस्कर की तलाश में आसपास के जंगलों और इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है.
तस्करों का नया पैंतरा, पुलिस सजग
तस्कर पुलिस से बचने के लिए अब शादी-समारोह की आड़ ले रहे हैं, लेकिन देसूरी पुलिस की सजगता से उनका यह पैंतरा नाकाम हो गया. पुलिस वाहन नंबर के आधार पर मालिक और तस्कर की पहचान में जुटी है. साथ ही पूरे तस्करी नेटवर्क को खंगाला जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

