समुद्र के नीचे मिली 2000 साल पुरानी दुनिया!
Poompuhar Archaeology: तमिलनाडु के तट से करीब 2 किलोमीटर दूर समुद्र के भीतर हुई खोज ने इतिहासकारों और पुरातत्वविदों को हैरान कर दिया है. समुद्र की गहराई में ऐसे अवशेष मिले हैं जो कभी एक बेहद समृद्ध और व्यस्त बंदरगाह शहर का हिस्सा हुआ करते थे. माना जाता है कि यह इलाका प्राचीन पूम्पुहार या कावेरीपूम्पट्टिनम का हिस्सा है, जो आज समुद्र में समा चुका है.
पानी के अंदर मिले विदेशी बर्तनों के टुकड़े
खोज के दौरान पुरातत्वविदों को पश्चिम एशिया से जुड़े खास तरह के ‘टॉरपीडो जार’ के टुकड़े मिले हैं. ये ऐसे बर्तन थे जिनका इस्तेमाल हजारों साल पहले समुद्री व्यापार में किया जाता था. इन टुकड़ों का मिलना इस बात का बड़ा संकेत माना जा रहा है कि उस समय तमिलनाडु का यह बंदरगाह विदेशी देशों के साथ व्यापार करता था.
चोल साम्राज्य के व्यापार की बड़ी कड़ी
पूम्पुहार को शुरुआती चोल राजाओं का प्रमुख बंदरगाह माना जाता है. संगम साहित्य में भी इस शहर का कई बार जिक्र मिलता है. नई खोज से यह धारणा और मजबूत हुई है कि यहां रहने वाले लोग समुद्र के रास्ते पश्चिम एशिया और अन्य देशों से कारोबार करते थे.
अभी तो सिर्फ 10 फीसदी खोज पूरी हुई
इस अंडरवॉटर प्रोजेक्ट को तमिलनाडु राज्य पुरातत्व विभाग और इंडियन मैरीटाइम यूनिवर्सिटी मिलकर चला रहे हैं. सबसे दिलचस्प बात यह है कि अब तक पूरे सर्वे का केवल 10 प्रतिशत हिस्सा ही पूरा हुआ है. यानी आने वाले दिनों में समुद्र के नीचे से और भी चौंकाने वाले रहस्य सामने आ सकते हैं.
क्या सचमुच समुद्र निगल गया था पूरा शहर?
विशेषज्ञों का मानना है कि कभी बेहद समृद्ध रहा यह प्राचीन शहर धीरे-धीरे समुद्र में समा गया. अब समुद्र की गहराइयों से मिल रहे बर्तनों, संरचनाओं और अन्य अवशेषों के जरिए उस खोई हुई दुनिया की तस्वीर फिर से सामने लाने की कोशिश की जा रही है.
ये भी पढ़ें-मणिपुर में फिर भड़की हिंसा: 9 मौतों से बढ़ा तनाव, CM ने की शांति की अपील
हर नई खोज खोल रही नया रहस्य
समुद्र के नीचे मिले इन अवशेषों ने एक बार फिर पूम्पुहार को चर्चा में ला दिया है. हजारों साल पहले का यह व्यापारिक केंद्र आखिर कितना बड़ा था, वहां कौन-कौन आते थे और वह समुद्र में कैसे समा गया, इन सवालों के जवाब तलाशने का सिलसिला अभी जारी है. फिलहाल इतना तय है कि तमिलनाडु के तट के नीचे इतिहास की एक अनोखी और रहस्यमयी दुनिया दफन है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

