Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

Varanasi: प्रधानमंत्री का वाराणसी दौरा आज, करीब 5 घंटे काशी में रहेंगे पीएम मोदी, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की रखेंगे आधारशिला

कार्यक्रम में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री, कपिल देव, करसन घावरी, दिलीप वेंगसरकर, मदन लाल, गुंडप्पा विश्वनाथ, गोपाल शर्मा मौजूद रहेंगे.

PM Narendra Modi

पीएम नरेंद्र मोदी

सौरभ अग्रवाल

Varanasi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वाराणसी दौरा आज है. वह करीब 5 घंटे काशी में रहेंगे और इस दौरान कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की आधारशिला रखेंगे. बता दें कि किक्रेट स्टेडियम की डिजाइन भगवान शिव से प्रेरित होकर की गई है. इस मौके पर प्रधानमंत्री लगभग 1115 करोड़ रुपये की लागत से उत्तर प्रदेश में बने 16 अटल आवासीय विद्यालयों का उद्घाटन भी करेंगे. प्रधानमंत्री काशी संसद सांस्कृतिक महोत्सव 2023 के समापन समारोह में भाग लेंगे. प्रधानमंत्री का यह 42 वां काशी दौरा है जो करीब पांच घंटे का होगा. शाम करीब छह बजे प्रधानमंत्री काशी से विदा होंगे.

मिली जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर लगभग 1:30 बजे वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की आधारशिला रखेंगे. अपराह्न लगभग 3:15 बजे, प्रधानमंत्री रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे और काशी संसद सांस्कृतिक महोत्सव 2023 के समापन समारोह में भाग लेंगे. कार्यक्रम के दौरान वह उत्तर प्रदेश में बने 16 अटल आवासीय विद्यालय का उद्घाटन भी करेंगे. वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण आधुनिक विश्व स्तरीय खेल बुनियादी ढांचे को विकसित करने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक कदम होगा. वाराणसी के गंजारी, राजातालाब में बनने वाला आधुनिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से 30 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित किया जाएगा. इस स्टेडियम की विषयगत वास्तुकला की प्रेरणा भगवान शिव से ली गई है, जिसमें अर्धचंद्राकार छत के कवर, त्रिशूल के आकार की फ्लड-लाइट, घाट की सीढ़ियों पर आधारित बैठने की व्यवस्था, बिल्व पत्र के आकार की धातु की चादरों के डिजाइन विकसित किए गए हैं. इस स्टेडियम की क्षमता 30 हजार दर्शकों की होगी.

ये भी पढ़ें- Varanasi: 23 सितम्बर को वाराणसी पहुंचेंगे पीएम मोदी, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की रखेंगे आधारशिला, जानें क्या है इसकी खासियत

16 अटल आवासीय विद्यालयों का करेंगे उद्घाटन

पीएम मोदी, इस मौके पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से, उत्तर प्रदेश में लगभग 1115 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए 16 अटल आवासीय विद्यालय का उद्घाटन करेंगे. मिली जानकारी के मुताबिक ये विद्यालय विशेष रूप से मजदूरों, निर्माण श्रमिकों और कोविड-19 महामारी के कारण अनाथ हुए बच्चों के लिए शुरू किया गया है. इन विद्यालयों का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना और बच्चों के समग्र विकास में सहायता करना है. प्रत्येक स्कूल 10-15 एकड़ के क्षेत्र में बनाया गया है जिसमें कक्षाएं, खेल मैदान, मनोरंजक क्षेत्र, एक मिनी सभागार, छात्रावास परिसर, मेस और कर्मचारियों के लिए आवासीय फ्लैट हैं. इन आवासीय विद्यालयों में प्रत्येक में लगभग 1000 छात्रों को समायोजित किया जाएगा.

काशी संसद सांस्कृतिक महोत्सव में लेंगे हिस्सा

काशी की सांस्कृतिक जीवंतता को सशक्त करने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण ने काशी संसद सांस्कृतिक महोत्सव की संकल्पना को जन्म दिया है. इस कार्यक्रम के समापन अवसर पर पीएम मोदी हिस्सा लेंगे. महोत्सव में 17 विधाओं में 37,000 से अधिक लोगों ने भागीदारी की, जिन्होंने गायन, वाद्ययंत्र वादन, नुक्कड़ नाटक, नृत्य आदि में अपने कौशल का प्रदर्शन किया. कर्यक्रम के दौरान मेधावी प्रतिभागियों को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में अपने सांस्कृतिक कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर प्राप्त होगा.

ये मशहूर खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

वाराणसी के गंजारी में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की आधारशिला रखते समय देश के मशहूर क्रिकेट खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. जानकारी सामने आ रही है कि, इस मौके पर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री, कपिल देव, करसन घावरी, दिलीप वेंगसरकर, मदन लाल, गुंडप्पा विश्वनाथ, गोपाल शर्मा कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे.

वाराणसी पहुंचे बीसीसीआई अध्यक्ष

वहीं प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी और बीसीसीआई सचिव जय शाह वाराणसी पहुंच चुके हैं. उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन किया है. इस मौके पर मंदिर प्रशासन की ओर से अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह भेंट किया गया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital