Priyank Kharge On RSS BJP: कर्नाटक की सियासत में ‘शैतान’ और ‘साये’ को लेकर जुबानी जंग छिड़ गई है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे और कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियांक खड़गे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है. एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने RSS की तुलना ‘शैतान’ से करते हुए बीजेपी को उसकी ‘परछाई’ करार दिया. इतना ही नहीं, उन्होंने संघ पर मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए उसकी आय के स्रोतों पर भी सवाल उठाए.
‘साये से नहीं, सीधे शैतान से लड़ें’ (Priyank Kharge RSS Shaitan Remark)
प्रियांक खड़गे ने कहा कि हम अक्सर साये (BJP) से लड़ते रह जाते हैं, जबकि असली जड़ शैतान (RSS) है. उन्होंने कहा कि अगर RSS नहीं होता, तो बीजेपी की हालत जेडीएस (JD-S) से भी बदतर होती. आज हम शैतान के साये से लड़ रहे हैं. शैतान का साया बीजेपी है और असली शैतान RSS है. अगर हम साये से लड़ना बंद करके सीधे शैतान से लड़ें, तो देश अपने आप बेहतर हो जाएगा.
नेटवर्क और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप
खड़गे ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के ‘तीन बच्चों’ वाले बयान पर भी तंज कसते हुए कहा कि वे खुद तो शादी नहीं कर रहे हैं, लेकिन दूसरों को गुमराह करने का काम कर रहे हैं. उन्होंने 2500 संगठनों का नेटवर्क और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगाए है. प्रियांक खड़गे ने संघ की फंडिंग और लीगल स्टेटस पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने आरोप लगाया कि RSS का 2,500 से ज्यादा संगठनों का नेटवर्क है, जो अमेरिका और इंग्लैंड तक फैला है. उन्होंने कहा कि-
‘मैं बता रहा हूं कि ये लोग मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल हैं. इनके पास इतना पैसा कहां से और कैसे आ रहा है? ये हमें उपदेश देते हैं कि टैक्स भरें, लेकिन खुद इससे आजाद रहना चाहते हैं.’
संघ के रजिस्ट्रेशन की चुनौती
खड़गे ने पूछा कि क्या संघ देश के कानून और संविधान से ऊपर है जो अनरजिस्टर्ड है? उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि मैं वादा करता हूं, आज नहीं तो कल इनका रजिस्ट्रेशन करवाना ही होगा और मैं करवाकर रहूंगा.
BJP ने कहा आसमान पर थूकने जैसा (BJP On Priyank Kharge)
प्रियांक खड़गे के इन बयानों पर बीजेपी ने तीखा पलटवार किया है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने ‘X’ पर लिखा कि प्रियांक खड़गे पहले यह सुनिश्चित करें कि कांग्रेस पार्टी का रजिस्ट्रेशन कैंसिल न हो, जिसकी अध्यक्षता आपके पिता कर रहे हैं और जो अपना अस्तित्व खोने की कगार पर है.
ये भी पढ़ें: मेयर हो तो ऐसा! धुले की मायादेवी बनीं मिसाल, स्कूटी पहुंची ऑफिस; गरीबों के लिए ऐलान से जीता दिल
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने प्रियांक को ‘कर्नाटक का राहुल गांधी’ और ‘भाई-भतीजावाद का बच्चा’ बताते हुए कहा कि वे राहुल गांधी को इम्प्रेस करने के लिए ऐसे बयान देते हैं. वहीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने कहा कि RSS को गाली देना आसमान पर थूकने जैसा है. उन्होंने खड़गे परिवार पर कल्याण-कर्नाटक के विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाया.
क्षेत्रीय विकास पर भी भिड़े (Politics Over Priyank Kharge Statement)
विजयेंद्र के आरोपों का जवाब देते हुए प्रियांक खड़गे ने कहा कि कल्याण-कर्नाटक के पिछड़ेपन के ऐतिहासिक और भौगोलिक कारण हैं. उन्होंने पलटवार करते हुए पूछा कि क्या आपके पिता बी.एस. येदियुरप्पा चार बार सीएम नहीं रहे? शिवमोग्गा का विकास सिंगापुर की तरह क्यों नहीं हुआ?
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


