Ketan Agrawal Murder Case: पुणे के चर्चित रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या मामले में आरोपी सिया गोयल और चेतन को सोमवार को वडगांव कोर्ट में पेश किया गया. अदालत ने सुनवाई के बाद दोनों को 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है. अब दोनों 3 जुलाई तक पुलिस की हिरासत में रहेंगे.
पूछताछ और पेशी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को पहले लोनावला ग्रामीण थाने में पूछताछ के लिए बुलाया था. वहां सवाल-जवाब पूरे होने के बाद उन्हें वडगांव पुलिस स्टेशन के लॉकअप में रखा गया. इसके बाद कोर्ट में पेशी की गई, जहां पुलिस ने दोबारा रिमांड की मांग की.
वकील का विरोध
सिया गोयल की ओर से वकील आशुतोष श्रीवास्तव ने पुलिस कस्टडी बढ़ाने का विरोध किया. उन्होंने कहा कि आरोपों को साबित करने के लिए ट्रायल जरूरी है. आरोपी ने पुलिस को पूरा सहयोग दिया है और परिवार के बयान भी दर्ज हो चुके हैं. वकील का कहना है कि 20 साल की लड़की को बार-बार कस्टडी में रखना उचित नहीं है.
वकील का कया कहना है?
वकील ने कहा कि अब तक के तथ्यों में हत्या की ओर कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिलता. केवल शक के आधार पर इतनी गंभीर कार्रवाई करना सही नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि यह मानना मुश्किल है कि आरोपी बार-बार उसी जगह जाती जहां कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई गई थी.
पुलिस की जांच
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने इस केस में कई डिजिटल सबूत जब्त किए हैं. साथ ही जिस जगह पर हत्या हुई थी वहां घटनाक्रम का सीन रिक्रिएशन भी किया गया है. पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और आगे की कार्रवाई सबूतों के आधार पर होगी.
एक और खुलासा
पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या मामले में पुलिस जांच ने एक और चौंकाने वाला पहलू उजागर किया है. जानकारी मिली है कि आरोपी सिया गोयल ने हत्या से पहले केतन से 1 करोड़ रुपये लिए थे और यह रकम उसने अपने प्रेमी चेतन को सौंप दी थी.
शादी की तैयारियों के नाम पर रकम
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिया ने शादी की शॉपिंग और तैयारियों के बहाने केतन से यह बड़ी रकम मांगी थी. लेकिन बाद में उसने यह पैसा चेतन को उसके करियर और कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए दे दिया.
चेतन की आर्थिक स्थिति
जांच में सामने आया है कि चेतन चौधरी आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से था. उसने सिया से कहा था कि उसे स्थिर होने में कम से कम तीन साल लगेंगे. इसी बीच दोनों ने मिलकर 18 जून को लोहागढ़ किले पर केतन को बुलाया और वहां से खाई में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी.
पुलिस के हाथ लगे डिजिटल सबूत
पुलिस ने इस केस में कई डिजिटल सबूत जब्त किए हैं और घटनास्थल पर सीन रिक्रिएशन भी किया गया है. जांच अधिकारी मानते हैं कि सिया और चेतन ने पहले से ही योजना बनाकर यह वारदात अंजाम दी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



