महाराष्ट्र के पुणे में नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) के पास पाकिस्तानी करेंसी मिलने से हड़कंप मच गया. यह घटना मुलशी तालुका की स्काई आई मानस लेक सिटी सोसायटी की है, जो NDA परिसर से कुछ ही दूरी पर स्थित है.
सोसायटी के आइरिस 3 भवन की लिफ्ट के बाहर पाकिस्तानी करेंसी पाई गई. इसे देखकर सोसायटी के अध्यक्ष सहदेव यादव ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बावधन थाने में शिकायत दर्ज कराई. सोसायटी के अन्य लोगों ने भी इस मामले की गहराई से जांच की मांग की है.
पुलिस कर रही है जांच
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह नोट पहले से इस्तेमाल किया गया था. इससे लगता है कि यह पहले भी कई बार चलन में रहा होगा. यादव ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी और जांच की अपील की.
स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि वे यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह करेंसी कहां से आई और इसे किसने यहां छोड़ा. इस घटना के बाद इलाके की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं.
सोसायटी के लोगों में चिंता
सोसायटी के लोग चिंतित हैं कि इतने संवेदनशील इलाके में पाकिस्तानी करेंसी कैसे पहुंची? क्या किसी जासूस की इसमें कोई भूमिका है, या फिर यह किसी संदिग्ध व्यक्ति के विदेशी संपर्कों का संकेत है? क्या यह सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला हो सकता है? इन सवालों ने पूरे इलाके में डर का माहौल पैदा कर दिया है.
पुलिस के साथ-साथ सुरक्षा एजेंसियां भी इस मामले की जांच में जुट गई हैं. जल्द ही पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें- China के अमीरों में बढ़ा Pakistani गधों का क्रेज, वजह जानकर आप पीट लेंगे माथा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

