कांग्रेस में घमासान
Congress Leaders Disagree From Rahul Gandhi: संसद का मानसून सत्र चल रहा है. इस दौरान विपक्ष हर मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है. इसमें सबसे आगे लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी शामिल हैं. राहुल गांधी आदतन सरकार और भाजपा को घेरने के चक्कर में यह भूल जाते हैं कि क्या देश के सम्मान के खिलाफ है और क्या भारत के समर्थन में है. गुरुवार को उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान का समर्थन कर दिया जिसमें वह भारत को डेड इकोनॉमी कह रहे थे. इसके बाद नेता प्रतिपक्ष सरकार और भाजपा के निशाने पर आए. अब इंडी गठबंधन के साथ ही कांग्रेस के कई नेताओं ने ट्रंप के बयान का विरोध किया है. इस तरह से ट्रंप के एक बयान पर कांग्रेस में ही फूट नजर आने लगी है.
सदन के बाहर राहुल गांधी से ट्रंप के बयान पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा (Rahul Gandhi on Trump’s statement) कि हां, वह सही हैं. हर कोई जानता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था डेड इकोनॉमी है केवल प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री नहीं जानते हैं. राष्ट्रपति ट्रंप ने एक तथ्य बताया है. पूरी दुनिया जानती है कि भारतीय अर्थव्यवस्था डेड इकोनॉमी है.
ये भी पढ़ें: टैरिफ के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की 6 कंपनियों को क्यों किया बैन? जानिए ईरान कनेक्शन
सोशल मीडिया में किया पोस्ट
इतना ही नहीं राहुल गांधी ने एक X पोस्ट भी किया है. इसमें उन्होंने लिखा ‘भारतीय अर्थव्यवस्था डेड है. मोदी ने इसे खत्म कर दिया. इसके बाद उन्होंने 5 प्वाइंट में लिखा अडानी-मोदी साझेदारी, नोटबंदी और त्रुटिपूर्ण जीएसटी, असफल असेम्बल इन इंडिया, एमएसएमई का सफाया, किसान कुचले गए. मोदी ने भारत के युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है क्योंकि नौकरियां नहीं हैं.
घिर रहे हैं राहुल गांधी
राहुल गांधी के बयान के बाद जाहिर है कि सत्ता और भाजपा उन्हें घेर रही है. ट्रंप के बयान को भारत के सम्मान से जोड़ा जा रहा है. ऐसे में कई कांग्रेस और इंडी गठबंधन के कई नेता अमेरिका के रुख का विरोध करने लगे हैं. इसे लेकर शशि थरूर, राजीव शुक्ला, प्रियंका चतुर्वेदी, इमरान मसूद, मनोज झा जैसे कई नेताओं के बयान आए हैं. आइये जानें किसने क्या कहा है.
ये भी पढ़ें: इंडिया नहीं अमेरिका है डेड इकोनॉमी? भारत की अर्थव्यवस्था पर ट्रंप को देखने चाहिए IMF के आंकड़े
शशि थरूर
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि यह भारत के लिए एक बहुत ही गंभीर मामला है. 25 प्रतिशत टैरिफ और रूस से तेल और गैस खरीदने के लिए जुर्माना यह 35-45 प्रतिशत तक पहुंच सकता है. 100 प्रतिशत जुर्माने की भी बात चल रही है. इससे हमारे अमेरिका के साथ व्यापार को नष्ट हो सकते हैं.
राजीव शुक्ला
कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने ट्रंप की टिप्पणी को खारिज करते हुए कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था डेड इकोनॉमी नहीं है. आर्थिक सुधार पीवी नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह के समय में हुए थे. अटल बिहारी वाजपेयी ने उन सुधारों को आगे बढ़ाया. मनमोहन सिंह ने इसे 10 वर्षों में मजबूत किया। मौजूदा सरकार ने भी इस पर काम किया है.
इमरान मसूद
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सरकार ट्रंप पर एक शब्द भी कहने को तैयार नहीं है. क्या हम अमेरिका के गुलाम हो गए हैं? अमेरिका हमें हर दिन धमकी दे रहा है. आज उन्होंने जो कहा है वह बहुत आपत्तिजनक है. पूरा देश इस मामले में पीएम मोदी के साथ मजबूती से खड़ा होगा.
प्रियंका चतुर्वेदी
शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्रंप की टिप्पणी पर कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया की शीर्ष 5 अर्थव्यवस्थाओं में है. सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है. इसे डेड इकोनॉमी कहना केवल घमंड या अज्ञानता से ही आ सकता है.
मनोज झा
राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि ट्रंप की टिप्पणी न केवल सरकार पर थी, बल्कि पूरे देश पर थी. राज्यसभा में स्पष्टीकरण मांगने की परंपरा रही है, लेकिन आज इसकी कोई संभावना नहीं थी. ट्रंप का बयान भारत का अपमान है.
ये भी पढ़ें: अमेरिका को झटका! चीन से तेल खरीदेंगी 9 भारतीय कंपनियां
राष्ट्र के मुद्दों पर एक नहीं है कांग्रेस
ट्रंप के भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘डेड’ कहने वाले बयान पर राहुल गांधी का समर्थन कांग्रेस (Rahul Gandhi Support Donald Trump) के भीतर एक बड़ी दरार को उजागर करता है. राहुल गांधी ने सरकार पर हमला करने के लिए इसका इस्तेमाल किया. वहीं उनके ही सहयोगी ट्रंप के बयान की कड़ी निंदा कर रहे हैं. कांग्रेस नेताओं ने भारत की अर्थव्यवस्था का बचाव किया और इसे दुनिया की बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक बताया है. यह घटना दर्शाती है कि कांग्रेस के भीतर ही विदेशी मामलों और राष्ट्रीय गौरव से जुड़े मुद्दों पर एक राय नहीं है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



