Karauli Family Suicide Case
रिपोर्ट – शीला मीणा करौली
Karauli Family Suicide Case: राजस्थान के करौली जिले के सपोटरा थाना क्षेत्र के बालौती गांव से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक ही परिवार के चार लोगों ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसमें अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं एक युवक जयपुर के एसएमएस अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है. प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बीमारी से उपजे अवसाद को घटना का कारण माना है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
बालौती गांव में रविवार को एक ही परिवार के द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की सूचना मिलते ही सपोटरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतराम और कैलादेवी वृत्ताधिकारी आरपीएस मीना मीना ने भी घटनास्थल का दौरा कर परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी ली.
बीमारी की वजह से उठाया कदम
पुलिस के अनुसार, रामदयाल पुत्र लोहड़या (46), उनकी पत्नी राजबाई (42), पुत्र विजय (24) और लक्ष्मीनारायण (20) ने कथित रूप से सेल्फोस का सेवन कर लिया. प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि परिवार लंबे समय से बीमारी से परेशान था और इसी कारण अवसाद में आकर यह कदम उठाया गया.
दो लोगों की मौके पर ही हो गई मौत
घटना में राजबाई और लक्ष्मीनारायण की मौके पर ही मौत हो गई. दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सपोटरा अस्पताल लाया गया. वहीं रामदयाल और विजय को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान रामदयाल की भी मौत हो गई. उनका शव एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है, जबकि विजय का उपचार जारी है.
ये भी पढ़ें- हिंसक हुए कॉकरोच: विरोध प्रदर्शन के दौरान 50 जवान हुए घायल, CJP का आरोप- बिना उकसाए किया लाठिचार्ज
मामले में मृतक के परिजन हरिलाल पुत्र लोहड़या बैरवा निवासी बालौती की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



