रिपोर्ट- पीएस चरण
Rajasthan Highway accident: राजस्थान के सिरोही जिले के सरूपगंज क्षेत्र में शुक्रवार (13 मार्च) को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. स्वरूपगंज थाना क्षेत्र के भावरी उपतहसील के पास फोरलेन हाईवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भयानक थी कि हादसे के तुरंत बाद दोनों ट्रकों में आग लग गई और कुछ ही देर में दोनों वाहन आग की लपटों से घिर गए.
जिंदा जला युवक
इस दर्दनाक हादसे में एक ट्रक चालक की जिंदा जलने से मौत हो गई. वहीं दूसरे ट्रक का चालक ट्रक के केबिन के अंदर फंसा हुआ बताया जा रहा है. उसे बाहर निकालने के लिए मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और अपनी ओर से आग बुझाने और केबिन में फंसे चालक को बचाने की कोशिश करने लगे. लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को भी इसकी सूचना दी.
पुलिस और दमकल विभाग ने शुरू की कार्य
सूचना मिलते ही सरूपगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि पुलिस और स्थानीय लोग मिलकर केबिन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं.
पुलिस ने क्या बताया?
बताया जा रहा है कि हादसा आबादी क्षेत्र के बीच बने फोरलेन हाईवे पर हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. फिलहाल आग लगने के कारणों और दोनों ट्रकों की टक्कर कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पहले आग पर पूरी तरह काबू पाया जाएगा, इसके बाद ट्रक मामले की पूरी तरह जांच होगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




