Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

Rampur: आजम खां का रसूख खत्‍म करने की कवायद जारी, अब उनके स्कूल को कर दिया सील, सपा कार्यालय भी कब्जे में लिया गया

Azam khan news Today in hindi: आजम खां पर अब तक काफी केसेस दर्ज हो चुके हैं. पुलिस-प्रशासन ने अभी रामपुर में उसके स्कूल को सील कर दिया है.

Azam Khan

आजम खान की फाइल फोटो

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Rampur News: उत्‍तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां के काले कारनामों के लिए उन्‍हें उचित दंड दिलाने का वादा कर चुकी यूपी सरकार लगातार उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है. अब रामपुर में उनके स्कूल को सील कर दिया गया है और सपा दफ्तर को भी नियत्रंण में ले लिया गया है. पुलिस व प्रशासनिक अफसरों ने कल दिनभर आजम खां के खिलाफ कार्रवाई को जारी रखा.

संवाददाता ने बताया कि रामपुर प्रशासन ने कुल 41181 वर्ग फीट जमीन को कब्जा मुक्त कराया है. रामपुर पब्लिक स्कूल (आरपीएस) गर्ल्स विंग और सपा कार्यालय (दारुल आवाम) को नियंत्रण के लेने के बाद अब आजम से जुड़े अन्‍य मामलों में भी कार्रवाई जारी रह सकती है. बीते रोज जब प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तो वहां आजम समर्थकों ने उनका विरोध किया. इस दौरान वहां तीखी नोकझोंक भी हुई, लेकिन तमाम विरोध के बाद भी प्रशासन ने तालाबंदी की कार्रवाई कर दी.

azam khan

बता दें कि इन दिनों फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में आजम खान अपनी पत्नी और बेटे सहित जेल में हैं. तो दूसरी ओर शासन स्तर पर लगातार सपा नेता के खिलाफ कार्रवाई जारी है. हालांकि इस बीच आजम खान पर की जाने वाली कार्रवाई को लेकर यूपी में सियासत भी जमकर हो रही है. गौरतलब है कि सपा शासन में जौहर ट्रस्ट को 30 साल की लीज पर आवंटित शिक्षा विभाग की 41181 वर्ग फीट जमीन को वापस लेने के लिए यूपी सरकार ने फैसला किया था. इसी के तहत शासन से आदेश मिलने के बाद डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने जमीन खाली कराने के लिए सीडीओ की अध्यक्षता में छह सदस्यीय समिति का गठन किया था और इसी के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) मुन्ने अली ने 2 नवम्बर को जौहर ट्रस्ट के प्रबंधक को नोटिस भी जारी किया. इसी के साथ जमीन खाली करने के लिए सात दिन का समय भी दिया था. मालूम हो कि इसी जमीन पर आजम खां का स्कूल और सपा कार्यालय दोनों ही स्थित है.

ये भी पढ़ें- Diwali-2023: बिना सीएम योगी के यह गांव नहीं मनाता है दीवाली, हर हाल में पहुंचते हैं मुख्यमंत्री, जानें क्या है वजह?

गुरुवार को पूरी हो गई थी नोटिस की अवधि

बता दें कि गुरुवार को नोटिस की अवधि पूरी होने के बाद ही शुक्रवार को जिलाधिकारी द्वारा गठित कमेटी ने ये बड़ी कार्रवाई की. कमेटी में एडीएम प्रशासन लालता प्रसाद शाक्य, एसडीएम सदर जगमोहन गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक मुन्ने अली और एएसपी डा. संसार सिंह शामिल हैं. ये सभी शुक्रवार को फोर्स व राजस्व कर्मियों के साथ सुबह दस बजे मौके पर पहुंचे और सबसे पहले रामपुर पब्लिक स्कूल पर कब्जा लेने की कार्रवाई शुरू की जो कि दोपहर तीन बजे तक चली और फिर प्रशासन ने स्कूल के मुख्य गेटों पर अपना ताला डाल दिया.

 

सपाईयों ने किया विरोध

स्कूल में ताला डालने के बाद टीम इसी स्कूल के बराबर में स्थित सपा कार्यालय में कार्रवाई करने पहुंची तो सपाईयों ने विरोध कर दिया, लेकिन तमाम विवाद के बाद भी टीम ने यहां पर मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और कब्जा कर लिया. ये कार्रवाई शाम करीब पांच बजे तक पूरी हो सकी.

 

जानें क्या है मामला?

मिली जानकारी के मुताबिक, सपा नेता आजम खां के जौहर ट्रस्ट को सपा शासन काल में शिक्षा विभाग की 41181 वर्ग फीट जमीन 30 साल की लीज पर दी गई थी. लीज की शर्त को अगर मानें तो यहां पर जौहर यूनिवर्सिटी के लिए कार्यालय बनाया जाना था, लेकिन लीज में दी गई शर्तों का उल्लंघन किया गया और यहां रामपुर पब्लिक स्कूल शुरू कर दिया गया और फिर यहीं पर सपा कार्यालय बनाकर राजनीति का अड्डा बना दिया गया. यूपी से सपा सरकार जाने के बाद इस मुद्दे को भाजपा के शहर विधायक आकाश सक्सेना ने जोर-शोर से उठाया और इस मामले में शासन से शिकायत की. इसके बाद छानबीन की गई तो शर्तों का उल्लंघन पाया गया. इस सम्बंध में डीएम ने शासन को भेजी अपनी रिपोर्ट में लीज के शर्तों के उल्लंघन की बात कही और फिर शासन ने जमीन को वापस लेने का निर्णय किया.

अब जमीन होगी शिक्षा विभाग के अधीन

मु्ख्य विकास अधिकारी नंद किशोर कलाल ने मीडिया को जानकारी दी कि, नोटिस की अवधि पूरी होने के बाद शुक्रवार को शिक्षा विभाग की जमीन को सरकारी कब्जे में ले लिया गया है. अब यह जमीन शिक्षा विभाग के अधीन होगी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism

Latest