झारखंड की राजधानी रांची (Ranchi) सोमवार को पुलिस और प्रतियोगी छात्रों के बीच रणभूमि में तब्दील हो गई. JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक के खिलाफ पिछले 17 दिनों से आंदोलन कर रहे हजारों छात्रों ने जब विधानसभा घेराव (Vidhan Sabha March) के लिए हुंकार भरी, तो पुलिस के पसीने छूट गए. छात्रों को रोकने के लिए प्रशासन ने पूरी रांची को कंटीले तारों और 6 लेयर की बैरिकेडिंग से किले में तब्दील कर दिया था, लेकिन युवाओं के आक्रोश के आगे हर सुरक्षा घेरा तिनके की तरह बिखर गया.
वाटर कैनन पर छात्रों का अनोखा ‘डांस’ (Ranchi Vidhan Sabha march)
सबसे हैरान करने वाला नजारा तब दिखा जब पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को तितर-बितर करने के लिए अंतिम बैरिकेडिंग के पास उन पर वाटर कैनन (पानी की तेज बौछार) का इस्तेमाल किया. लेकिन भागने के बजाय, छात्रों ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर गमछे लहराते हुए पानी की बौछार के बीच ही ‘डांस’ करना शुरू कर दिया! छात्रों के इस बेखौफ अंदाज का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
हेमंत सोरेन जी के जन्मदिन के अवसर पर छात्रों को रूह आफजा बांटती झारखंड पुलिस। pic.twitter.com/keTu33Wcd5
— खुरपेंच (@khurpenchh) August 10, 2026
एंबुलेंस से विधानसभा पहुंचे देवेंद्र महतो (Water cannon dance Ranchi)
इस आंदोलन का सबसे भावुक पल तब आया जब पिछले 9 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो एंबुलेंस से सीधे विधानसभा मार्च में शामिल होने पहुंच गए. कंटीले तारों को देखकर भड़के महतो ने सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “सरकार अराजकता को न्योता दे रही है. ये क्या पाकिस्तान या बांग्लादेश का बॉर्डर है? जब तक CGL रद्द नहीं होगा, हम पीछे नहीं हटेंगे.”
ये भी पढ़ें: ‘दूसरी शादी करेंगे आप?’…सवाल सुनते ही सन्न रह गए ‘तेजू भैया’, छलका दर्द!
सरकार और छात्रों के बीच फंसा पेच (Ranchi student movement)
एक तरफ सरकार और मंत्रियों (दीपिका पांडे सिंह, सुदिव्य कुमार) का दावा है कि छात्रों से कई दौर की बातचीत के बाद उनकी 98 प्रतिशत मांगें (जैसे 14वीं JPSC प्रीलिम्स रद्द करना और ED जांच) मान ली गई हैं. वहीं दूसरी तरफ, छात्र सरकार पर झूठ फैलाने का आरोप लगा रहे हैं. छात्रों की सबसे प्रमुख मांग ‘JSSC-CGL परीक्षा को रद्द’ करने की है, जिस पर सरकार अदालती आदेशों का हवाला देकर सिर्फ न्यायिक जांच कराने की बात कह रही है. फिलहाल भारी पुलिस बल तैनात है और झारखंड का सियासी पारा अपने चरम पर है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

