Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

‘लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय रहें नागरिक’, राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पीएम मोदी की अपील

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पीएम मोदी (PM Modi) ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि मतदान केवल संवैधानिक अधिकार नहीं बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य भी है.

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने पूरे देश को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि वोट डालना केवल संविधान द्वारा दिया गया अधिकार नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का कर्तव्य भी है. यह जिम्मेदारी हमें भारत के भविष्य को तय करने में अपनी आवाज देने का अवसर देती है.

पीएम ने लोकतांत्रिक मूल्यों पर दिया जोर

पीएम मोदी (PM Modi) ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा कि यह दिन हमारे लोकतांत्रिक आदर्शों में विश्वास को और मजबूत करता है. उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग की सराहना करते हुए कहा कि आयोग ने लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को सुदृढ़ बनाने में अहम योगदान दिया है. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे हमेशा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लें और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में योगदान दें.

युवाओं के लिए विशेष संदेश

प्रधानमंत्री ने ‘माय भारत’ प्लेटफॉर्म से जुड़े वॉलंटियर्स को पत्र लिखकर आग्रह किया कि जब कोई युवा पहली बार वोटर बने, तो उस खुशी को मिलकर मनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि यह क्षण केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि लोकतंत्र के लिए भी महत्वपूर्ण है.

लोकतंत्र की विरासत

अपने पत्र में पीएम मोदी ने लिखा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और हमें इस पर गर्व है. उन्होंने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है और इसकी जड़ें सदियों पुरानी हैं. बहस और संवाद हमारी संस्कृति का हिस्सा हैं. उन्होंने (PM Modi) याद दिलाया कि भारत में पहला आम चुनाव 1951 में हुआ था और इस वर्ष हम उसके 75 साल पूरे होने का उत्सव मना रहे हैं.

मतदाता की जिम्मेदारी

पीएम मोदी ने कहा कि वोट डालना एक विशेषाधिकार होने के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है. उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान उंगली पर लगने वाली अमिट स्याही यह दर्शाती है कि हमारा लोकतंत्र जीवंत है. उन्होंने (PM Modi) युवाओं से कहा कि पहली बार वोट डालना उनके जीवन का अहम पड़ाव है और इसका स्वागत पूरे उत्साह से होना चाहिए.

उत्सव का आह्वान

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब कोई नया मतदाता बने, तो परिवार और समाज को इसे उत्सव की तरह मनाना चाहिए. उन्होंने (PM Modi) सुझाव दिया कि घर या मोहल्ले में मिठाई बांटकर इस खुशी को साझा किया जा सकता है.

स्कूल और कॉलेज की भूमिका

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे शैक्षणिक संस्थान लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में नर्सरी की तरह काम करते हैं. उन्होंने आग्रह किया कि स्कूल और कॉलेज नए वोटरों के सम्मान में समारोह आयोजित करें. इससे युवाओं को यह अहसास होगा कि उनकी जिम्मेदारी कितनी महत्वपूर्ण है. उन्होंने (PM Modi) कहा कि हर साल 25 जनवरी यानी राष्ट्रीय मतदाता दिवस ऐसे अभियानों के लिए उपयुक्त अवसर है.

निर्वाचन आयोग की सराहना

इसी कड़ी में उन्होंने (PM Modi) कहा कि इतने बड़े पैमाने पर चुनाव कराना दुनिया के लिए एक बड़ी उपलब्धि है. भारत में चुनाव केवल प्रबंधन नहीं बल्कि लोकतंत्र का उत्सव है. उन्होंने कहा कि चाहे लोग हिमालय की ऊंचाइयों पर रहते हों या अंडमान-निकोबार के द्वीपों में, रेगिस्तान में हों या जंगलों में, वे वोट डालकर यह सुनिश्चित करते हैं कि उनकी आवाज सुनी जाए.

महिलाओं की भागीदारी

पीएम मोदी (PM Modi) ने कहा कि समावेशी लोकतंत्र के लिए महिलाओं की भागीदारी बेहद अहम है. खासकर युवा महिलाओं की जागरूकता और सक्रियता ने लोकतंत्र की नींव को और मजबूत किया है.

पीएम की युवाओं से अपील

प्रधानमंत्री (PM Modi) ने युवाओं से कहा कि वे ‘मेरा युवा भारत’ प्लेटफॉर्म से जुड़ें. यह मंच देश को आगे ले जाने की उनकी प्रतिबद्धता को दिखाने का माध्यम बनेगा. उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी किसी काम को समय के भरोसे नहीं छोड़ती बल्कि ‘हम कर सकते हैं’ की भावना से उसे पूरा करती है.

ये भी पढ़ें-गणतंत्र दिवस परेड में दिखेगा नए आपराधिक कानूनों का रूप, गृह मंत्रालय की झांकी होगी खास

लोकतंत्र को सशक्त बनाने का संकल्प

पीएम मोदी ने अंत में कहा कि हमें मिलकर यह संकल्प लेना चाहिए कि लोकतंत्र को मजबूत करने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे. इससे एक विकसित, आत्मनिर्भर और समावेशी भारत का सपना साकार होगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital