रिपोर्ट – जय व्यास
इंदौर शहर में मादक पदार्थ की तस्करी अब सिर्फ पुरुषों तक सीमित नही रह गई है. पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि महिलाएं भी इस अवैध कारोबार में तेजी से शामिल हो रही हैं. पिछले कुछ दिनों में ही पुलिस ने तीन महिलाओं को अवैध मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है.
शुक्रवार की रात हाल ही में एक और मामला सामने आया. इंदौर क्राइम ब्रांच ने देवास-इंदौर बायपास रोड, निपानिया से एक महिला तस्कर को 8 किलो 313 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा है. खास बात यह है कि यह महिला पहले से ही 6 किलो गांजे के मामले में गिरफ्तार हो चुकी थी और उस समय से वह कोर्ट से जमानत पर चल रही थी.
महिला के पास से केवल गांजा ही नहीं, बल्कि 1 आईफोन, 1 टू-व्हीलर और कुल मिलाकर लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये मूल्य का सामान भी जब्त किया गया. यह साबित करता है कि अब महिलाएं भी तस्करी के कारोबार में सक्रिय रूप से शामिल हैं और इस अवैध व्यापार में बड़े पैमाने पर सामान लेकर चल रही हैं.
आखिर क्यों बढ़ रही है महिला तस्करों की संख्या?
इंदौर में पिछले कुछ दिनों का ट्रेंड देखें तो पुलिस की चिंता बढ़ गई है. दरअसल, पुलिस नशा माफियाओं के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और पुरुष तस्करों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. ऐसे में ड्रग माफिया अब महिलाओं को कवच की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं. उन्हें लगता है कि महिलाओं की चेकिंग कम होती है और वे आसानी से बच निकलेंगी.
पुलिस की कार्रवाई जारी
राजेश दंडोतिया, एडिशनल डीसीपी, क्राइम ब्रांच, इंदौर ने बताया कि महिलाओं द्वारा तस्करी के मामले में यह नए ट्रेंड को दर्शाता है और पुलिस अब इस दिशा में विशेष सतर्कता बरत रही है. उन्होंने यह भी कहा कि शहर में मादक पदार्थ तस्करी रोकने के लिए लगातार छापेमारी और निगरानी जारी रहेगी.
ये भी पढ़ें: 1 बीघा में सेब के पाैधे लगाने के लिए यहां बागवानों को मिल सकते हैं 8 लाख रुपये, सरकार का हाई डेंसिटी खेती को बूस्ट
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

