Rishabh Pant news: भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत की उत्तराखंड में जमीन खरीदकर अपना घर बनाने की इच्छा पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) ने प्रतिक्रिया दी है. पंत ने सोशल मीडिया के जरिए मुख्यमंत्री से मदद की अपील करते हुए कहा था कि वह दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं और अपनी मातृभूमि में अपना घर बनाना चाहते हैं.
पंत ने अपनी अपील में भावनात्मक अंदाज में कहा कि उत्तराखंड से उनका गहरा जुड़ाव है और वह अपने राज्य में लौटकर यहां योगदान देना चाहते हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री से जमीन खरीदने की प्रक्रिया में मदद करने का अनुरोध किया था. पंत की इस अपील के बाद मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया पर जवाब देते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार नियमानुसार हरसंभव सहयोग करेगी.
CM धामी ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखण्ड के गौरव हैं. आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है. अपनी मातृभूमि के प्रति आपका यह प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है.”
प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखण्ड के गौरव हैं। आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। अपनी मातृभूमि के प्रति आपका यह प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है।
आपके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को… https://t.co/v3iFQVpxUK
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) August 8, 2026
सीएम धामी ने आगे कहा कि पंत द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है. अधिकारी जल्द ही ऋषभ पंत से संपर्क करेंगे और नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे.
उत्तराखंड में घर बनाने की है इच्छा
ऋषभ पंत लंबे समय से उत्तराखंड के प्रति अपने लगाव को लेकर चर्चा में रहे हैं. अब उन्होंने राज्य में अपना घर बनाने और यहां स्थायी रूप से जुड़ने की इच्छा जाहिर की है. रिपोर्टों के मुताबिक, पंत ने स्पष्ट किया है कि वह जमीन उपहार के रूप में नहीं, बल्कि नियमानुसार खरीदना चाहते हैं.
ये भी पढ़ें: आधी रात ऋषभ पंत का छलका दर्द! CM धामी से मदद मांगते हुए कर दी ये बड़ी मांग
पंत की इस अपील के बाद मुख्यमंत्री की ओर से मिले सकारात्मक जवाब को उनके प्रशंसकों के साथ-साथ उत्तराखंड से जुड़े लोगों के बीच भी खासा महत्व दिया जा रहा है. हालांकि, जमीन की खरीद और निर्माण से जुड़ी आगे की प्रक्रिया संबंधित नियमों और कानूनी प्रावधानों के तहत ही पूरी होगी. मुख्यमंत्री धामी की ओर से अधिकारियों को निर्देश दिए जाने के बाद अब उनकी टीम और राज्य के संबंधित अधिकारी ऋषभ पंत से संपर्क कर आगे की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

