Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

जानिए कौन हैं CJP प्रोटेस्ट में पुलिस वैन के आगे सीना तानकर खड़ी हुई ये वायरल गर्ल, पिता दे चुके ITBP में सेवा

नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों का गुस्सा लगातार सामने आ रहा है. दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर देश के कई शहरों तक छात्र और युवा विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. इसी कड़ी में मुंबई में भी छात्रों ने अपनी आवाज बुलंद की.

नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों का गुस्सा लगातार सामने आ रहा है. दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर देश के कई शहरों तक छात्र और युवा विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. इसी कड़ी में मुंबई में भी छात्रों ने अपनी आवाज बुलंद की. बुधवार को मुंबई के चेंबूर और शिवाजी पार्क इलाके में छात्रों ने NEET पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया.

इसी प्रदर्शन के दौरान एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया. वीडियो में एक युवती पुलिस वैन के सामने खड़ी नजर आ रही हैं और पुलिस वाहन को आगे बढ़ने से रोक रही हैं. बताया जा रहा है कि पुलिस कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर वैन से थाने ले जा रही थी. तभी वह युवती वैन के सामने आ गईं और हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ने की मांग करने लगीं.

कुछ ही देर में वहां मौजूद कई दूसरे प्रदर्शनकारी भी उनके समर्थन में आ गए. आखिरकार पुलिस को हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ना पड़ा. सोशल मीडिया पर इस युवती की हिम्मत की जमकर तारीफ हो रही है.

कौन हैं ये वायरल वीडियो वाली लड़की?

वायरल वीडियो में नजर आ रही युवती कोई आम प्रदर्शनकारी नहीं, बल्कि एक्टर, मॉडल और होस्ट रिया अहीर हैं. 27 साल की रिया पिछले 13 सालों से हिंदी थिएटर से जुड़ी हुई हैं. उनका परिवार आर्मी बैकग्राउंड से है और उनके पिता ITBP में रह चुके हैं.

रिया ने बताया कि उन्होंने इससे पहले कभी किसी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लिया था. दिल्ली में चल रहे NEET विरोध प्रदर्शनों को देखने के बाद उन्होंने शिवाजी पार्क में प्रदर्शन में शामिल होने का फैसला किया. वह 21 जुलाई को वहां पहुंची थीं, लेकिन तब तक कई लोगों को हिरासत में लिया जा चुका था. इसके बाद वह 22 जुलाई को दोबारा प्रदर्शन में पहुंचीं.

वायरल वीडियो को लेकर रिया ने कहा कि उन्हें खुद नहीं पता कि उस समय उनमें इतनी हिम्मत कहां से आई. उनके मुताबिक, शायद यह हिम्मत उनके परिवार और उनकी परवरिश से मिली है.

रिया ने बताया कि जब उन्होंने देखा कि पुलिस वैन में प्रदर्शनकारियों को काफी संख्या में भरा जा रहा है, तो उन्हें यह सही नहीं लगा. उन्होंने एक महिला प्रदर्शनकारी को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया. इसके बाद वह सीधे वैन के सामने जाकर खड़ी हो गईं और लोगों को रिहा करने की मांग करने लगीं.

रिया का कहना है कि उस दौरान वैन के ड्राइवर ने उन्हें डराने के लिए कई बार तेजी से एक्सीलरेटर दबाया, लेकिन उन्होंने अपनी जगह नहीं छोड़ी. कुछ समय बाद दूसरे प्रदर्शनकारी भी उनके साथ आ गए और पुलिस को आखिरकार लोगों को छोड़ना पड़ा.

शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी नाराज हैं रिया

रिया ने बताया कि यह प्रदर्शन सिर्फ NEET पेपर लीक तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र से जुड़ा मुद्दा है. उनका कहना है कि वह खुद भी शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी परेशानियों का सामना कर चुकी हैं.

उन्होंने साइकोलॉजी की पढ़ाई की थी, लेकिन काम की वजह से ग्रेजुएशन पूरा नहीं कर पाईं. अब उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी में इंग्लिश लिटरेचर के लिए डिस्टेंस एजुकेशन में दाखिला लिया है. रिया का कहना है कि फीस जमा करने के बाद भी उन्हें यूनिवर्सिटी से सही जानकारी नहीं मिल रही है और कई संपर्क माध्यमों से जवाब नहीं मिल पा रहा.

उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने अधिकारों और सिस्टम से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठानी चाहिए. रिया के मुताबिक, पिछली पीढ़ी ने कई बार सिस्टम की कमियों पर सवाल नहीं उठाए और अब युवाओं को बदलाव के लिए आगे आना होगा.

अभिनय के साथ चला रही हैं अपना बिजनेस

रिया सिर्फ एक्टिंग और मॉडलिंग तक सीमित नहीं हैं. पिछले साल उन्होंने ‘रियासत’ नाम से अपना बिजनेस शुरू किया, जिसके जरिए वह स्थानीय कारीगरों से जुड़े उत्पादों को बड़े शहरों और मशहूर लोगों तक पहुंचाने का काम करती हैं. रिया के मुताबिक, उनके परिवार और दोस्तों ने वायरल वीडियो के बाद उनका पूरा समर्थन किया. उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता को उनका यह कदम पसंद आया और दोस्तों ने उन्हें बहादुर कहकर हौसला बढ़ाया.

रिया का कहना है कि यह लड़ाई किसी एक परीक्षा या एक मुद्दे की नहीं, बल्कि एक बेहतर और भरोसेमंद शिक्षा व्यवस्था की मांग है.

यह भी पढ़ें- कनॉट प्लेस में अचानक क्यों बंद होने जा रही हैं दुकानें? NDTA ने कारोबारियों को जारी की चेतावनी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital