नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में चल रहे छात्र विरोध प्रदर्शन पर अभिनेता सलमान खान ने एक बार फिर अपनी प्रतिक्रिया दी है. बुधवार रात सलमान ने छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई थी और इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए चिंता जाहिर की थी. लेकिन आज (गुरुवार) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान के बाद सलमान ने अपना रुख साफ करते हुए छात्रों से घर वापस लौटने की अपील की.
सलमान खान ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी के फैसले का समर्थन किया और कहा कि छात्रों की सुरक्षा और उनका भविष्य सबसे ज्यादा जरूरी है. उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने माता-पिता के पास वापस जाएं और भरोसा रखें कि सरकार इस मामले में कड़ी कार्रवाई करेगी.
सलमान ने लिखा,
“छात्र सबसे पहली प्राथमिकता हैं, चाहे बात उनकी पढ़ाई की हो या सुरक्षा की. उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है और न ही उनके माता-पिता को परेशान होने की जरूरत है. प्रधानमंत्री जी ने इस मुद्दे पर ट्वीट किया है और मुझे पूरा भरोसा है कि पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इसलिए छात्रों से मेरी अपील है कि वे अपने माता-पिता और घर वापस लौट जाएं.”
The students are at top priority, educationally n security-wise, so they need not worry and have their parents worried for them. The Honorable Prime Minister has tweeted, and I am sure that he will take strict action against all those people who are responsible for this leak. So… pic.twitter.com/89Ykfs5r4k
— Salman Khan (@BeingSalmanKhan) July 23, 2026
पहले छात्रों के समर्थन में उतरे थे सलमान
इससे पहले बुधवार को सलमान खान ने NEET पेपर लीक के खिलाफ हो रहे छात्र आंदोलन को लेकर अपनी चिंता जाहिर की थी. उन्होंने अपने बचपन की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था कि शुरुआत में यह आंदोलन शांतिपूर्ण था, लेकिन बाद में इसका हिंसक रूप लेना दुखद है.
सलमान ने घायल हुए छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा था कि पेपर लीक जैसी घटनाएं बेहद गंभीर हैं. उन्होंने देश के युवाओं की एकजुटता की तारीफ भी की थी और कहा था कि बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए छात्रों और उनके माता-पिता का साथ आना एक अच्छी बात है.
सोनम वांगचुक से भी की अपील
सलमान खान ने इस मुद्दे पर आंदोलन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से भी अपनी भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की. उन्होंने भावुक अंदाज में लिखा,
“सोनम, अब इसे आगे मत बढ़ाओ. अगर भविष्य में जरूरत पड़ी तो इस जज्बे को किसी और दिन के लिए बचाकर रखना. अभी कुछ खा लो. अगर चाहो तो मैं अपने घर से खाना भेज सकता हूं.”
नीट पेपर लीक विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी छात्रों के हितों को सबसे ऊपर बताते हुए सख्त कदम उठाने की बात कही थी. उन्होंने कहा था कि युवाओं का भविष्य और उनका कल्याण सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि पेपर लीक जैसे मामलों में तेजी से कार्रवाई के लिए फास्ट-ट्रैक अदालतों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि दोषियों को जल्द और कड़ी सजा मिल सके. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया हैं.
इस पूरे मामले में छात्रों की मांग है कि परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए मजबूत कदम उठाया जाएं. सरकार की ओर से कार्रवाई के आश्वासन के बाद अब सभी की नजर आगे होने वाली जांच और फैसलों पर टिकी है.
यह भी पढ़ें- Shraddha Murder Case: आफताब ने कोर्ट से मांगी थी खास इजाजत, साकेत कोर्ट ने अर्जी खारिज कर दिया झटका
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


