रिपोर्ट- अनिल पांडे
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक ऐसी खबर आई है जिसे सुनकर आप दंग रह जाएंगे. शहर के एक नामी होटल के जिम में मामूली सी बात पर विवाद इतना बढ़ा कि मामला खून-खराबे तक पहुंच गया. गाने की आवाज कम करने जैसी छोटी सी बात पर कुछ युवकों ने मिलकर एक शख्स की बेरहमी से पिटाई कर दी. अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है.
आखिर क्या था पूरा मामला?
यह पूरी घटना शहडोल के एक नामी होटल में चल रहे जिम की है. चश्मदीदों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, जिम में वर्कआउट के दौरान गाना बज रहा था. वहाँ मौजूद एक युवती को गाने की आवाज काफी तेज लगी, तो उसने शालीनता से युवकों से वॉल्यूम थोड़ा कम करने को कहा. बस, इतनी सी बात उन युवकों को नागवार गुजरी और उन्होंने लड़की से बहसबाजी शुरू कर दी.
जब जिम में मौजूद एक दूसरे युवक ने देखा कि लड़के एक अकेली लड़की से बदतमीजी कर रहे हैं, तो उसने बीच-बचाव करने की कोशिश की. उसने युवकों को समझाया कि लड़की से इस तरह बात करना ठीक नहीं है. लेकिन मदद करने की कोशिश उस युवक पर ही भारी पड़ गई.
बीच-बचाव करने पर कर दिया लहूलुहान
गाली-गलौज से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. उन दबंग युवकों ने अपने कुछ और साथियों को बुला लिया और उस अकेले युवक पर टूट पड़े. उन्होंने उसे इतनी बुरी तरह पीटा कि वह लहूलुहान हो गया. हैरानी की बात तो यह है कि जब वह लड़की उस युवक को बचाने आई, तो आरोपियों ने उसके साथ भी धक्का-मुक्की और बदतमीजी करने में कोई कसर नहीं छोड़ी.
पुलिस की कार्रवाई और वायरल वीडियो
हंगामे के बाद घायल युवक सीधे थाने पहुंचा और आपबीती सुनाई. इस मामले में शहडोल के डीएसपी (हेडक्वार्टर) राम मनोहर दुबे का कहना है कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर तीन मुख्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस के पास जिम के सीसीटीवी फुटेज भी हैं, जिनमें मारपीट की पूरी वारदात साफ नजर आ रही है.
ये भी पढ़ें: आयातित गुरु के हाथों की कठपुतली हैं तेजस्वी! रोहिणी का संजय यादव पर सीधा हमला, भाई को बताया ‘पार्टी का विनाशक’
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


