शरद पवार. (फाइल फोटो)
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) प्रमुख शरद पवार ने शनिवार (9 अगस्त) को कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले दो लोगों ने उनसे संपर्क किया था और दावा किया था कि वे 288 में से 160 सीटें दिलाने की गारंटी दे सकते हैं. नागपुर में पत्रकारों से बात करते हुए शरद पवार ने कहा कि उन्होंने इन लोगों और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच एक बैठक कराई, लेकिन दोनों नेताओं ने अंततः यह कहते हुए प्रस्ताव ठुकरा दिया, “यह हमारा तरीका नहीं है”.
शरद पवार ने कहा,
हमने इस पर उतना ध्यान नहीं दिया जितना शायद इसकी आवश्यकता थी. लेकिन मुझे आज भी याद है – विधानसभा चुनावों की घोषणा से पहले, दो लोग दिल्ली में मुझसे मिलने आए थे. उन्होंने मुझसे कहा कि महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटें हैं और उनमें से वे हमें 160 सीटों की गारंटी देंगे. मैं हैरान था. स्पष्ट रूप से कहूं तो, भले ही उन्होंने ऐसी गारंटी का दावा किया हो, मुझे चुनाव आयोग पर कोई संदेह नहीं था. लेकिन ऐसे लोग आते ही रहते हैं, इसलिए मैंने उन्हें नज़रअंदाज़ कर दिया.
शरद पवार (Sharad Pawar) ने नागपुर में संवाददाताओं से कहा, “मैंने राहुल गांधी के साथ उनकी मुलाकात तय की थी. उन्होंने जो कुछ भी कहना चाहा, कह दिया. हालांकि, राहुल गांधी और मुझे लगा कि हमें ऐसी बातों पर ध्यान नहीं देना चाहिए. यह हमारा रास्ता नहीं है. हमने तय किया कि हम जनता के सामने जाएंगे और उनका समर्थन हासिल करने के तरीके खोजेंगे.”
हम चुनाव आयोग से जवाब चाहते हैं, भाजपा से नहीं
एनसीपी चीफ ने मतदान अनियमितताओं पर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) द्वारा हाल ही में दिए गए प्रेजेंटेशन की तारीफ की. साथ ही उन्होंने उनसे अलग हलफनामा मांगने के लिए चुनाव आयोग की आलोचना की.
उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संस्था है. राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने संसद में शपथ ले ली है, इसलिए अलग हलफनामा देने की कोई जरूरत नहीं है. अगर चुनाव आयोग अब भी इस पर अड़ा है, तो यह सही नहीं है. राहुल गांधी के आरोपों की गहराई से जांच होनी चाहिए. सच्चाई सामने आनी चाहिए. मेरा बस इतना कहना है कि आपत्ति चुनाव आयोग को लेकर थी. फिर भाजपा नेताओं या मुख्यमंत्री को जवाब देने की क्या जरूरत है? हम चुनाव आयोग से जवाब चाहते हैं, भाजपा से नहीं.”
ये भी पढ़ें: RG Kar Case: बेटी के लिए इंसाफ मांगने निकली मां पर अत्याचार, कोलकाता पुलिस ने तोड़ी चूड़ियां?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




