Bharat Express DD Free Dish

शशि थरूर ने की पीएम मोदी की तारीफ तो गदगद हुई BJP, शाहनवाज हुसैन बोले- ‘पूरी दुनिया करती है उनसे प्यार’

कांग्रेस नेता शशि थरूर द्वारा पीएम मोदी और गौतम गंभीर की तारीफ के बाद सियासत गरमा गई है. भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने थरूर के बयान का स्वागत करते हुए बंगाल पुलिस, आई-पैक और राजद पर भी तीखा हमला किया हैं.

राजनीति में अक्सर तलवारें खिंची रहती हैं, लेकिन जब विपक्ष का कोई बड़ा नेता प्रधानमंत्री की तारीफ कर दे, तो चर्चा होना लाजमी है. हाल ही में कांग्रेस के दिग्गज नेता शशि थरूर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर को लेकर कुछ ऐसी बात कही, जिसने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है. अब इस पर भाजपा के सीनियर नेता सैयद शाहनवाज हुसैन का भी बड़ा बयान सामने आया है.

जब थरूर ने की मोदी और गंभीर की तारीफ

दरअसल, सारा मामला तब शुरू हुआ जब शशि थरूर ने सोशल मीडिया पर गौतम गंभीर के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की. थरूर ने लिखा कि प्रधानमंत्री के बाद भारत में अगर कोई सबसे चुनौतीपूर्ण काम (Toughest Job) कर रहा है, तो वह गौतम गंभीर हैं.

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता किसी एक पार्टी तक सीमित नहीं है. उन्होंने कहा,

“आज सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया मानती है कि पीएम मोदी एक कद्दावर नेता हैं. लोग उनसे प्यार करते हैं. थरूर साहब भले ही दूसरी विचारधारा के हों, लेकिन एक भारतीय होने के नाते उन्होंने जो सच है, वही कहा है.”

साथ ही उन्होंने गौतम गंभीर की भी सराहना करते हुए कहा कि वे बतौर कोच शानदार काम कर रहे हैं.

बंगाल पुलिस पर बरसे शाहनवाज

राजनीति सिर्फ तारीफों तक नहीं रुकी. शाहनवाज हुसैन ने चुनावी रणनीतिकार संस्था आई-पैक (I-PAC) पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि आई-पैक जैसी संस्थाएं काले धन को सफेद करने का जरिया बन गई हैं. भाजपा नेता के मुताबिक, ये संगठन पैसे लेकर पार्टियों को प्रमोट करते हैं और विपक्षियों को बदनाम करने का एजेंडा चलाते हैं.

वहीं, पश्चिम बंगाल के हालात पर चिंता जताते हुए उन्होंने ममता बनर्जी सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि बंगाल पुलिस सत्ता के दबाव में काम कर रही है, जबकि बिहार में चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है.

बिहार में अपराधियों का सिर कुचल दिया जाएगा- शाहनवाज हुसैन

पटना में नीट (NEET) छात्रा की दुखद मौत के बाद राजद (RJD) द्वारा किए जा रहे प्रदर्शनों पर शाहनवाज हुसैन ने तीखा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि राजद अब बिहार की राजनीति में अपना आधार खो चुकी है और जनता का ध्यान भटकाने के लिए सरकार को बदनाम करने की साजिश रच रही है.

राज्य की कानून व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा,

“नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सुशासन की सरकार है. यहां अपराधी चाहकर भी सिर नहीं उठा सकते. अगर किसी ने कानून हाथ में लेने या सिर उठाने की जुर्रत की, तो उसका सिर कुचल दिया जाएगा.”

यह भी पढ़ें: मुंबई की मेयर अब सामान्य महिला… जानिए लॉटरी के नतीजों में किसे कौन-सा कोटा मिला, फैसले पर सवाल उठा रहा उद्धव गुट

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read