Bharat Express DD Free Dish

‘कांग्रेस ने धोखा दिया, मोदी की गारंटी पूरी की’, भजनलाल का विपक्ष पर हमला, 32 साल बाद शेखावाटी के 3 जिलों की बुझेगी प्यास

Yamuna water project: राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र को यमुना जल परियोजना से राहत मिलेगी. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि एमओए पर हस्ताक्षर से पेयजल और सिंचाई की समस्या का समाधान होगा.

Yamuna water project: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र तक यमुना का पानी पहुंचाने की मांग करीब 32 साल से लंबित थी. 1994 में भैरोंसिंह शेखावत की सरकार के दौरान इस उम्मीद की शुरुआत हुई थी, लेकिन कांग्रेस की नीतियों और टालमटोल के कारण राजस्थान लंबे समय तक यमुना जल से वंचित रहा. अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुए एमओए को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम बताया गया.

सरकार बनने के बाद तेज़ पहल

मुख्यमंत्री ने बताया कि सत्ता संभालते ही भारत सरकार और हरियाणा सरकार से लगातार बातचीत और पत्राचार किया गया. महज दो महीने में ही 17 फरवरी 2024 को त्रिपक्षीय एमओयू पर हस्ताक्षर कर प्रक्रिया शुरू की गई. उन्होंने कहा कि शेखावाटी की जनता को पानी उपलब्ध कराने का वादा किया था और अब यह वादा पूरा होने जा रहा है. ट्रिपल इंजन सरकार की कोशिशों से यह योजना दोनों राज्यों के लिए लाभकारी साबित होगी.

कांग्रेस पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने इस मुद्दे पर केवल राजनीति की. शेखावाटी की पेयजल समस्या पर कभी गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने यमुना जल समझौते को बार-बार अटकाया और हरियाणा में अपने चुनावी घोषणा-पत्र में इसे रद्द करने का वादा कर राजस्थान की जनता से धोखा किया. चुनावी सभाओं में इस घोषणा-पत्र को दिखाकर वोट मांगने वाले कभी राजस्थान का भला नहीं सोच सकते.

सिंचाई के लिए भी मिलेगा पानी

शर्मा ने कहा कि एमओए पर हस्ताक्षर के साथ परियोजना का क्रियान्वयन शुरू हो गया है. हथिनीकुंड बैराज से जुलाई से अक्टूबर तक मिलने वाले पानी को भूमिगत पाइपलाइन से चूरू, सीकर, झुंझुनूं और आसपास के जिलों तक पहुंचाया जाएगा. इस योजना से 577 एमसीएम पानी पेयजल और अन्य जरूरतों के लिए उपलब्ध होगा. दूसरे चरण में चूरू जिले के 35 हजार हेक्टेयर और झुंझुनूं जिले के 70 हजार हेक्टेयर सहित कुल 1 लाख 5 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई के लिए पानी मिलेगा.

ये भी पढ़ें-‘हिला दी थी ब्रिटिश हुकूमत की नींव…’, हूल दिवस पर अमित शाह का अब तक का सबसे दमदार संदेश

ऊपरी यमुना बेसिन में बांध निर्माण

मुख्यमंत्री ने बताया कि यमुना नदी के जलग्रहण क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में रेणुकाजी, लखवार और किशाऊ बांध बनाए जा रहे हैं. इनके पूरा होने पर राजस्थान को 201 एमसीएम अतिरिक्त जल मिलेगा. इन बांधों के बाद राजस्थान को सालभर हथिनीकुंड से पाइपलाइन के जरिए पानी मिलता रहेगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read