Bharat Express DD Free Dish

सीकर में एक और NEET स्टूडेंट ने की आत्महत्या; हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव

Sikar NEET Student Suicide: सीकर में नीट परीक्षा में शामिल हुए 17 वर्षीय छात्र ने हॉस्टल के अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. वह पिछले करीब दो वर्षों से सीकर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था. उसने इस वर्ष 12वीं बोर्ड परीक्षा के साथ ही नीट परीक्षा भी दी थी.

Sikar NEET Student Suicide

Sikar NEET Student Suicide

रिपोर्ट- राहुल टांक


Sikar NEET Student Suicide: राजस्थान के शिक्षा केंद्र के रूप में पहचान रखने वाले सीकर शहर से रविवार को एक दुखद घटना सामने आई. नीट परीक्षा में शामिल हुए 17 वर्षीय छात्र ने हॉस्टल के अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना का पता उस समय चला, जब सुबह हॉस्टल कर्मचारी छात्र को जगाने उसके कमरे तक पहुंचे. काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो कर्मचारियों को संदेह हुआ.

इसके बाद कमरे की खिड़की से अंदर देखा गया तो छात्र फंदे पर लटका मिला. सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया. पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला

उद्योग नगर थाना अधिकारी राजेश बुडानिया ने बताया कि मृतक जयपुर ग्रामीण क्षेत्र का निवासी था और पिछले करीब दो वर्षों से सीकर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था. उसने इस वर्ष 12वीं बोर्ड परीक्षा के साथ ही नीट परीक्षा भी दी थी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्र हॉस्टल के कमरे में अकेला रहता था. उन्होंने बताया कि घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ. छात्र के पास मोबाइल फोन भी नहीं मिला.

शिकायत या रिपोर्ट दर्ज नहीं

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया. नीट परीक्षा में उसने कितने अंक लाये, इसकी भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से अभी तक किसी प्रकार की शिकायत या रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है. ऐसे में फिलहाल मर्ग दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुलिस छात्र के पारिवारिक, शैक्षणिक और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.

ये भी पढ़ें- ‘चुप हैं अखिलेश, जाग चुका है मुसलमान…’ मथुरा और आजम खान के मुद्दे पर AIMIM ने सपा सुप्रीमो पर दागे तीखे तीर

अब तक तीन नीट स्टूडेंट्स सुसाइड कर चुके

आपको बता दें कि बीते 3 महीने के अंदर की नीट के तीन स्टूडेंट्स ने सुसाइड किया है. मई माह में गुड़ा गोडजी, झुंझुनूं में रहने वाले 22 वर्षीय प्रदीप मेघवाल ने सुसाइड किया था. इसके अलावा जून में नवलगढ़ के झुंझुनूं के उमेश माली ने सीकर में अपने रूम में सुसाइड किया था. इसके अलावा अब जुलाई में एक और नाबालिक युवक ने सुसाइड किया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read