Bharat Express DD Free Dish

मरीज नहीं, नशे का जखीरा! मंदसौर में एंबुलेंस बनी ‘स्मगलिंग वैन’, पुलिस ने ऐसे दबोचा तस्कर

मंदसौर के सीतामऊ थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एम्बुलेंस से करीब 4 क्विंटल डोडाचूरा बरामद किया है.

रिपोर्ट- प्रदीप


मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दिया है. सीतामऊ–मंदसौर रोड पर की गई नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने एक एम्बुलेंस को रोका. शुरुआत में यह वाहन सामान्य लग रहा था, लेकिन जब तलाशी ली गई तो अंदर से जो सामान मिला उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया.

तलाशी के दौरान एम्बुलेंस से करीब 4 क्विंटल डोडाचूरा बरामद हुआ. यह वही मादक पदार्थ है जिसका इस्तेमाल नशे के लिए किया जाता है और जिसकी तस्करी पर सख्त रोक है. एम्बुलेंस जैसे वाहन का इस्तेमाल इसलिए किया गया ताकि रास्ते में पुलिस चेकिंग से बचा जा सके और आम लोगों को भी कोई संदेह ना हो.

कई खुलासों की उम्मीद

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. उसे हिरासत में लेकर लगातार पूछताछ की जा रही है. शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह काफी संगठित तरीके से काम कर रहा था. पुलिस को जांच में यह भी पता चला है कि एम्बुलेंस में अलग-अलग 8 नंबर प्लेट रखी हुई थीं. आरोपी कुछ ही घंटों में वाहन की पहचान बदल देते थे, ताकि ट्रैकिंग और पकड़ से बचा जा सके.

कार्रवाई के दौरान अवैध हथियार भी मिला

कार्रवाई के दौरान पुलिस को एक अवैध पिस्टल भी बरामद हुई है. यह सिर्फ नशे की तस्करी का मामला नहीं बल्कि एक गंभीर आपराधिक नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था.

थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति ने बताया कि यह एक सुनियोजित तस्करी नेटवर्क लगता है और इसके पीछे और भी लोग शामिल हो सकते हैं. फिलहाल पूरे रैकेट की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है और आगे गिरफ्तारियां हो सकती हैं.

ये भी पढ़ें: सपा दफ्तर पर चला ‘बाबा’ का बुलडोजर! 250 मकान जद में, जानें मुगलसराय की सड़कों पर क्यों मची खलबली?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read