Bharat Express DD Free Dish

‘मेरी सहमति के बिना कोई दवा न दी जाए’, सोनम वांगचुक की पत्नी ने अस्पताल को दी स्पष्ट चेतावनी

Sonam Wangchuk: 21 दिन की भूख हड़ताल के बाद अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक को लेकर उनकी पत्नी गीतांजलि जे अंग्मो ने कहा कि परिवार की सहमति के बिना कोई दवा न दी जाए.

Sonam Wangchuk Health Update

Sonam Wangchuk Health Update: सामाजिक कार्यकर्ता और इंजीनियर सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस बीच उनकी पत्नी गीतांजलि जे अंग्मो ने अस्पताल प्रशासन को लेकर एक स्पष्ट और सख्त संदेश दिया है. उन्होंने कहा है कि परिवार, इलाज कर रहे डॉक्टरों और उनकी सहमति के बिना वांगचुक को किसी भी तरह की दवा चाहे वह मुंह से दी जाए या नस के जरिए नहीं दी जानी चाहिए.

गीतांजलि ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि वह खुद अस्पताल में मौजूद हैं और लगातार सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. उनका कहना है कि इलाज से जुड़ा हर फैसला परिवार और मेडिकल टीम की जानकारी और सहमति से ही होना चाहिए.

21 दिन की भूख हड़ताल के बाद बिगड़ी तबीयत

सोनम वांगचुक पिछले 21 दिनों से भूख हड़ताल पर थे. उनकी तबीयत लगातार कमजोर होती जा रही थी, जिसके बाद शनिवार को उन्हें जंतर मंतर से सीधे सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया. लंबे समय तक भोजन न करने और शरीर में पानी की कमी के कारण उनकी शारीरिक स्थिति प्रभावित हुई.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई डॉक्टरों की सलाह और दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के आधार पर की गई. पुलिस का कहना है कि वांगचुक की सेहत को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना जरूरी था ताकि समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.

किस मुद्दे को लेकर कर रहे अनशन?

वांगचुक 28 जून से जंतर मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे. उनका यह आंदोलन NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और उससे जुड़े मामलों के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के समर्थन में था. उनका कहना था कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए. साथ ही प्रदर्शन का अहम मुद्दा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांगा से जुड़ा है.

मेडिकल टीम ने जारी किया हेल्थ अपडेट

सोनम वांगचुक की मेडिकल टीम ने उनकी सेहत को लेकर ताजा जानकारी साझा की है. डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल उनके सभी जरूरी स्वास्थ्य संकेत नियंत्रण में हैं और स्थिति स्थिर बनी हुई है. हालांकि जांच में यह पाया गया कि उनका ब्लड प्रेशर सामान्य से कम है और ब्लड शुगर का स्तर भी अपेक्षाकृत नीचे है. राहत की बात यह है कि उनकी ईसीजी रिपोर्ट सामान्य आई है. डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं ताकि स्वास्थ्य में किसी भी बदलाव पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.


ये भी पढ़ें: ‘सोनम सर को घसीटकर ले गए…’ वांगचुक के अस्पताल जाते ही भड़के अभिजीत दीपके; पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप


अभिजीत दिपके ने भी शुरू की भूख हड़ताल

इधर, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी सोनम वांगचुक के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि वांगचुक को जंतर मंतर से अस्पताल ले जाए जाने के तुरंत बाद उन्होंने भी आंदोलन में शामिल होने का फैसला किया और उसी समय से अपनी भूख हड़ताल शुरू कर दी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read