Sonia Gandhi Diwali Celebration: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने दिवाली के मौके पर अपने परिवार से जुड़ी कुछ खास यादें लोगों के साथ साझा की हैं. रविवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा और पोती मिराया वाड्रा के साथ बातचीत करती नजर आ रही हैं. इस दौरान सोनिया ने बताया कि जब उनका परिवार पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 1, सफदरजंग रोड स्थित आवास में रहता था, तब वहां दीपावली का त्योहार किस अंदाज में मनाया जाता था. उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि उस घर में दिवाली का उत्साह और रौनक देखने लायक होती थी.
इंदिरा गांधी के घर दिवाली पर होती थी खास सजावट
सोनिया गांधी ने बताया कि उन्हें दिवाली का त्योहार बेहद पसंद है. उन्होंने पोती मिराया को बताया कि पहले के समय में त्योहार की तैयारियां कई दिन पहले से शुरू हो जाती थीं. घर के मुख्य दरवाजे पर भगवान गणेश की मूर्ति रखी जाती थी. इसके साथ ही घर की छत और आने-जाने वाले रास्तों पर दीये सजाए जाते थे. शाम होते ही दीयों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठता था. सोनिया ने बताया कि दिवाली के दिन पटाखे जलाने का भी खूब उत्साह रहता था. उन्हें खुद फुलझड़ी जलाना सबसे ज्यादा पसंद था. उन्होंने उस दौर के मौसम को भी याद किया और बताया कि दिवाली के आसपास आसमान एकदम साफ और नीला दिखाई देता था. मौसम में भी एक अलग तरह की ठंडक और सुहावनापन रहता था, जिससे त्योहार का मजा और बढ़ जाता था.
Revisiting my early memories of celebrating Diwali – the traditions, the festivities and the little moments that made it so special 🪔✨
Wishing everyone a Happy Diwali https://t.co/GzFavNc6Vo
— Sonia Gandhi (@SoniaGandhi) November 8, 2026
प्रियंका गांधी ने भी याद किया बचपन का दिवाली वाला किस्सा
सोनिया गांधी के साथ बातचीत में प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी अपने बचपन से जुड़ी एक दिलचस्प बात बताई. उन्होंने कहा कि उनके पिता और देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी दिवाली के लिए पटाखे खरीदने उन्हें पुरानी दिल्ली लेकर जाया करते थे. उस समय परिवार के साथ पटाखे खरीदने जाना भी त्योहार की तैयारियों का एक अहम हिस्सा हुआ करता था. सोनिया ने यह भी बताया कि दिवाली के अवसर पर उनके घर में कश्मीरी व्यंजन बनाए जाते थे. परिवार के सभी सदस्य एक साथ त्योहार मनाते थे और पारंपरिक पकवानों के साथ घर में खुशियों का माहौल बना रहता था. वीडियो के साथ सोनिया ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए लिखा कि वह दीपावली से जुड़ी पुरानी परंपराओं, जश्न और उन छोटे-छोटे पलों को याद कर रही हैं, जिन्होंने इस त्योहार को उनके लिए खास बनाया.
सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक भी जल्द होगी रिलीज
सोनिया गांधी इन दिनों सोशल मीडिया पर भी सक्रिय नजर आ रही हैं. हाल ही में उन्होंने इंस्टाग्राम और एक्स पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है. इसी बीच उनकी संस्मरण पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ भी चर्चा में है. इस किताब का प्रकाशन हार्परकॉलिन्स इंडिया कर रहा है. जानकारी के मुताबिक, यह पुस्तक मंगलवार को बाजार में उपलब्ध होगी.
राहुल गांधी ने भी देशवासियों को दी दीपावली की बधाई
दूसरी ओर, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी दीपावली के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए देशवासियों को बधाई दी. राहुल ने कामना की कि खुशियों और समृद्धि के दीप हर घर को रोशन करें. साथ ही यह त्योहार पूरे देश में सुख, शांति, आपसी सद्भाव और नई उम्मीदों का उजाला लेकर आए.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





