Bharat Express DD Free Dish

सोनीपत के गन्नौर में चुनावी रंजिश में क्रिकेट कोच की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी

हरियाणा के सोनीपत जिले के गन्नौर में नगर पालिका चुनाव की पुरानी रंजिश में क्रिकेट कोच रामकरण की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

हरियाणा के सोनीपत जिले के गन्नौर इलाके में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. नगर पालिका चुनाव की पुरानी रंजिश के चलते एक शख्स की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई. मृतक का नाम रामकरण था, जो पेशे से क्रिकेट कोच थे. यह वारदात गन्नौर के एस.डी.एच. सरकारी हॉस्पिटल के पास हुई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, रामकरण की पुत्रवधु वार्ड 12 से नगर पालिका की पार्षद हैं. वहीं, हत्या का आरोपी सुनील लंबू नगर पालिका का पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष रह चुका है. माना जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच चुनावी रंजिश लंबे समय से चल रही थी, जो अब खूनी संघर्ष में बदल गई.

इलाज के दौरान पीड़ित की मौत

वारदात के बाद रामकरण को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. इस घटना ने न सिर्फ गन्नौर बल्कि पूरे सोनीपत जिले को हिला कर रख दिया है.

कानूनी कार्रवाई जारी

जैसे ही घटना की सूचना मिली, सोनीपत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

ये भी पढ़ें- कोयंबटूर में हाफ एनकाउंटर! 7 टीमों के ऑपरेशन में धराए गैंगरेप के 3 आरोपी; सियासत ने पकड़ा जोर

स्थानीय लोगों का क्या कहना है?

स्थानीय लोगों का कहना है कि रामकरण एक शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और क्रिकेट कोच के रूप में युवाओं को प्रशिक्षण देते थे. उनकी हत्या ने खेल जगत से जुड़े लोगों को भी दुखी कर दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश की जा रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read