Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

मुंबई के पास समुद्र में बड़ा हादसा: स्पीडबोट ने लोगों से भरी नाव को मारी टक्कर, अब तक 13 लोगों की मौत

अब तक 25 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है. शेष यात्रियों को बचाने का अभियान जारी है. एक रक्षा अधिकारी ने कहा कि भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल ने बचाव अभियान चलाया, जिसमें 11 नौसेना नौकाएं तैनात की गई हैं.

Mumbai Ferry Incident: मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया के पास बुधवार शाम 100 से अधिक यात्रियों से भरी एक फेरीबोट के पलट जाने से 13 लोगों की मौत हो गई, इसमें से 3 नौसेना के कर्मचारी थे. हादसे में घायल चार की हालत गंभीर है और पांच लोग लापता हैं. अब तक करीब 101 लोगों को बचाया जा चुका है. फेरीबोट मालिक के अनुसार, यह दुर्घटना नौसेना की स्पीडबोट से टकराने के बाद हुई. फेरीबोट मालिक राजेंद्र पडाटे ने कहा, “नौसेना की स्पीडबोट ने फेरीबोट को टक्कर मार दी… फेरीबोट हर दिन दोपहर करीब 3 बजे एलीफेंटा जाती है.”

मछुआरों ने भी बचाव अभियान में हिस्सा लिया

इस घटना के दो घंटे बाद स्पीडबोट और फेरीबोट के टकराव का वीडियो सामने आया. जहाज गेटवे ऑफ इंडिया से मुंबई तट के पास एलीफेंटा द्वीप के लिए रवाना हुई थी. लाइफ जैकेट पहने लोगों को बचाया जा रहा है और उन्हें दूसरी नाव में ले जाया जा रहा है, जबकि नाव पानी की सतह की ओर झुकने लगी है.

अब तक 101 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है. शेष यात्रियों को बचाने का अभियान जारी है. एक रक्षा अधिकारी ने कहा कि भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल ने बचाव अभियान चलाया, जिसमें 11 नौसेना नौकाएं, मरीन पुलिस की तीन नौकाएं और तटरक्षक बल की एक नाव क्षेत्र में तैनात की गई हैं.

अधिकारी ने बताया कि खोज और बचाव अभियान में चार हेलीकॉप्टर शामिल हैं. पुलिस कर्मियों, जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण के कर्मचारियों और क्षेत्र के मछुआरों ने बचाव अभियान में हिस्सा लिया. गेटवे ऑफ़ इंडिया के पूर्व में स्थित एलीफेंटा गुफाओं तक जाने के लिए लोग सार्वजनिक नौकाओं का उपयोग करते हैं.

सीएम ने जताया शोक

वहीं मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना पर दुख जताते हुए फेरी पर सवार यात्रियों को शीघ्र बचाने का आह्वान किया है. सीएम फडणवीस ने कहा, “101 लोगों को बचा लिया गया है और 13 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें 10 नागरिक और 3 नौसेना कर्मी शामिल हैं. दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें नौसेना अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है. मृतकों के परिवारों को सीएम राहत कोष से 5 लाख रुपये मिलेंगे.”

सीएम ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, मुंबई शहर के निकट अरब सागर में नीलकमल कंपनी की एक यात्री नाव के पलट जाने की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. इस घटना में शाम 7.30 बजे तक प्राप्त जानकारी के अनुसार नाव में सवार कुल यात्रियों में से 101 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. नौसेना के वाइस एडमिरल संजय जगजीत सिंह द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार नौसेना के डॉक्टरों ने शाम 7.30 बजे तक 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया है. इनमें से 3 नौसेना के जवान और 10 नागरिक हैं. मैं इस दुर्घटना में मारे गए लोगों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. हम उनके परिवारों के दुख को साझा करते हैं. 2 गंभीर रूप से घायलों को नौसेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.

उन्होंने आगे कहा,  घटना की गंभीरता को देखते हुए नौसेना, तटरक्षक बल, मुंबई पुलिस ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया. इस बचाव अभियान में 11 नौसेना के जहाज और 4 हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया गया. तलाशी अभियान अभी भी जारी है. इसलिए विस्तृत जानकारी कल तक मिल पाएगी. मृतकों के उत्तराधिकारियों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. इस घटना की जांच नौसेना और राज्य सरकार द्वारा की जाएगी.


ये भी पढ़ें: Pune Book Festival 2024: पुस्तक महोत्सव में चौथे दिन साहित्य और संस्कृति का अनोखा संगम, 700 से ज्‍यादा स्‍टॉल


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital