Bharat Express DD Free Dish

सुंदर सिंह भंडारी जयंती: अमित शाह ने बताया ‘सांस्कृतिक राष्ट्रवाद’ का स्तंभ; कई दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य सुंदर सिंह भंडारी की जयंती पर गृह मंत्री अमित शाह, राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा और बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को याद किया.

sunder-singh-bhandari-jayanti-amit-shah-tribute-bjp-leaders-messages

भारतीय राजनीति के शुचिता के प्रतीक और भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य सुंदर सिंह भंडारी की जयंती पर आज देश भर के दिग्गज नेताओं ने उन्हें याद किया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें नमन करते हुए कहा कि उनका सादगीपूर्ण जीवन और राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट समर्पण हर उस युवा के लिए एक मार्गदर्शक है, जो ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहता है.

सादगी और आदर्शों के प्रति समर्पण

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक भावुक पोस्ट साझा की. उन्होंने लिखा, “मैं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक सुंदर सिंह भंडारी को उनकी जयंती पर नमन करता हूं. सादगीपूर्ण जीवन और उच्च आदर्शों के साथ उन्होंने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की भावना को जन-जन तक पहुंचाया.

शाह ने आगे कहा कि संघ से लेकर भाजपा तक, वे सामाजिक जीवन में शुचिता के एक मिसाल बने रहे.” शाह ने जोर देकर कहा कि भंडारी जी का जीवन उन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है जो देश को सबसे ऊपर रखते हैं.

आपातकाल का संघर्ष और संगठन की मजबूती

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी उन्हें याद करते हुए आपातकाल के काले दिनों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए भंडारी जी का संघर्ष और संगठन को वैचारिक रूप से मजबूत करने में उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता. वहीं, यूपी भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने उन्हें संगठन का ‘आधार स्तंभ’ बताया, जिन्होंने अपनी कर्मठता से पार्टी की जड़ों को सींचा.

राजस्थान से बिहार तक दी गई श्रद्धांजलि

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सुंदर सिंह भंडारी को एक ‘कुशल संगठनकर्ता’ के रूप में याद किया. उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा के प्रति उनका समर्पण हम सभी के लिए एक प्रेरणापुंज है. बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी उनके योगदान को अतुलनीय बताते हुए नमन किया.

ये भी पढ़ें: खाड़ी देशों को तरबूज भेजना बंद, छत्तीसगढ़ के खेतों से मंडी तक फैला नुकसान का संकट

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read