Surajkund Mela Accident: हरियाणा के फरीदाबाद में शनिवार को सूरजकुंड मेले में एक झूला टूटकर नीचे गिर गया. उस समय झूले पर 20 से ज्यादा लोग सवार थे. हादसे में एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई. वहीं एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल बताये जा रहे हैं. घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस हादसे का वीडियो भी वायरल हो रहा है.
डीसी आयुष सिंह ने कहा है कि इस हादसे में कुल 13 लोग घायल हो गए हैं. वहीं एक पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की लोगों को बचाने के क्रम में दबने से मौत हो गई. उन्होंने बताया कि यह हादसा 6 बजकर 15 मिनट पर हुआ.
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद झूले पर चढ़कर लोगों को बचाने का प्रयास कर रहे थे. तभी झूले का एक हिस्सा उनके सिर से टकरा गया. जिसके चलते वो मौके पर गिर पड़े. उन्हें उठाकर अस्पताल ले जाया गया, जबतक वो अस्पताल पहुंचते तबतक उनकी मौत हो चुकी थी.
13 लोग हुए हैं घायल
जानकारी के मुताबिक शनिवार को फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले में लगा चकरी झूले पर दर्जनों लोग बैठकर आनंद ले रहे थे. तभी अचानक से झूला टूट गया. झूला टूटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में दर्जनों लोग घायल हुए हैं.
ये भी पढ़ें- ‘जो इस्लाम को मिटाने चले, खुद मिट गए’, हिंदू राष्ट्र पर अरशद मदनी ने नेपाल का हवाला क्यों दिया
चश्मदीदों के मुताबिक झूला बहुत तेज घूम रहा था. अचानक से उसका एक हिस्सा टूट गया और रेलिंग पर जा गिरा. लोग भागकर झूले के पास पहुंचे और कुछ लोगों को उतारा. लोगों के मुताबिक जब झूला नीचे उतरा तो रेलिंग ऊपर गिर गई.
हादसे की सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर दिया है. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे में 13 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


