Takshvi Vaghani Limbo Skating Image
Ahmedabad’s Rocket Girl: अहमदाबाद की 8 वर्षीय ‘रॉकेट गर्ल’ तक्षवी वाघानी ने मात्र 16 सेमी की ऊंचाई पर 10 मीटर तक लिम्बो स्केटिंग करके नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. बता दें कि तक्षवी अब तक 5 बार विश्व रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा चुकी हैं (Limbo skating record).
गुजरात की तक्षवी वाघानी ने स्केटिंग में अपनी असाधारण प्रतिभा के दम पर भारत का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन किया है. 4 साल की उम्र से स्केटिंग सीख रही तक्षवी ने रोजाना 4 घंटे की कड़ी मेहनत से 16 सेंटीमीटर ऊंचे बार के नीचे सफलतापूर्वक लिम्बो स्केटिंग कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित कर दिया है.
8 साल की एक नन्हीं परी ने स्केटिंग में इतिहास रचा
आज भारत की बेटियां पूरी दुनिया में अपने हुनर का डंका बजा रही हैं. गुजरात के अहमदाबाद की रहने वाली सिर्फ 8 साल की एक नन्हीं परी ने अपने टैलेंट से पूरी दुनिया को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया है. हवा से बातें करने वाली इस नन्हीं ‘रॉकेट गर्ल’ का नाम तक्षवी वाघानी है, जिसने स्केटिंग की दुनिया में एक नया इतिहास रच दिया है.
पांचवीं बार विश्व रिकॉर्ड बुक में किया नाम दर्ज (Takshvi Vaghani Limbo Skating)
तक्षवी ने सिर्फ 16 सेंटीमीटर की बेहद कम ऊंचाई पर रखे एक बार के नीचे से 10 मीटर की दूरी तक ‘लिम्बो स्केटिंग’ (Limbo skating) का प्रदर्शन कर एक नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम के साथ जोड़ लिया है. जिस 8 साल की उम्र में बच्चे खेल-खिलौनों और शरारतों में व्यस्त रहते हैं, उसी उम्र में तक्षवी ने पांचवीं बार विश्व रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराकर देश की सबसे कम उम्र की सफल खेल हस्तियों में अपनी जगह बना ली है.
तक्षवी ने सफलता का राज बताया (Youngest world record holder)
इस ऐतिहासिक कामयाबी के बाद गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का आधिकारिक सर्टिफिकेट हासिल करने वाली तक्षवी ने मुस्कुराते हुए अपनी सफलता का राज बताया है. उन्होंने बताया कि जब वह सिर्फ 4 साल की थी तब से स्केटिंग कर रही हैं. इस कड़े रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए वह रोजाना सुबह 2 घंटे और रात को 2 घंटे कड़ी मेहनत और अभ्यास किया करती थीं.
यह भी पढ़ें: अरुणाचल प्रदेश में भूस्खलन से बनी आर्टिफिशियल झील; असम सहित निचले इलाकों में बाढ़ का हाई अलर्ट जारी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


