Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

Kanwar Yatra: ‘श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि’, सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश

सावन महीने में कांवड़ यात्रा के सुचारु संचालन को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को उच्चस्तरीय बैठक की. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

सावन (Sawan) महीने में कांवड़ यात्रा के सुचारु संचालन को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने सोमवार को उच्चस्तरीय बैठक की. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धा, सुरक्षा और सेवा के संकल्प के साथ कांवड़ यात्रा का संचालन किया जाए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित होनी चाहिए और इसमें किसी प्रकार का विघ्न डालने वालों से सख्ती से निपटा जाए.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता- योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, सुरक्षा और चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए. महिला श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सीएम योगी ने विशेष निर्देश दिए कि महिला कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम हों तथा महिला पुलिस बल की प्रभावी तैनाती की जाए.

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से सूचनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाए और शिवभक्तों की भावना के अनुरूप शिव भजन भी बजाए जाएं, जिससे श्रद्धालु भावनात्मक और आध्यात्मिक रूप से जुड़ाव महसूस करें.य

ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से निगरानी

मुख्यमंत्री ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां ड्रोन कैमरों (Drone Cameras) और सीसीटीवी (CCTV) के माध्यम से निगरानी की जाए. उन्होंने खुफिया तंत्र को पूरी सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की घुसपैठ या अराजकता की कोशिश को समय रहते रोका जा सके. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांवड़ यात्रा में विघ्न डालने वालों से सख्ती से निपटा जाए और उनके खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए.

हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराने की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए प्रमुख अवसरों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराने की व्यवस्था करने को कहा. उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रमुख स्थलों पर चिकित्सा शिविर, प्राथमिक उपचार केंद्र और एम्बुलेंस सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके.

स्थानीय प्रशासन को निर्देश

खान-पान में शुद्धता को लेकर मुख्यमंत्री ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा स्थानीय प्रशासन को निर्देशित किया कि वे खानपान सामग्री की गुणवत्ता और शुद्धता की नियमित जांच सुनिश्चित करें.

श्रद्धालुओं से अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धा, मर्यादा और अनुशासन का पालन करें. उन्होंने कहा कि सभी शिवभक्त पवित्र नदियों से जल लेकर भोलेनाथ का जलाभिषेक करें और इस दौरान प्रशासन से पूर्ण सहयोग बनाए रखें.

-भारत एक्सप्रेस

 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital